http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 06 अक्तूबर, 2007 को 21:20 GMT तक के समाचार

ब्रिटेन में समय से पहले चुनाव नहीं

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री गॉर्डन ब्राउन ने घोषणा की है कि देश में समय से पहले आम चुनाव करवाने का उनका कोई इरादा नहीं है.

उन्होंने बीबीसी से बातचीत में स्पष्ट तौर पर कहा कि वो इस वर्ष देश में आम चुनावों की घोषणा नहीं करने वाले हैं और संभवतः अगले वर्ष भी चुनाव न हों.

गॉर्डन ब्राउन ने इसी वर्ष जून में टोनी ब्लेयर की जगह प्रधानमंत्री पद की ज़िम्मेदारी स्वीकार की थी.

ब्राउन ने कहा कि उनके मन में ब्रिटेन में बदलाव लाने के लिए एक सपना है और लेबर पार्टी की सरकार ऐसा कर रही है, इसे दिखाने के लिए उन्हें मौके की ज़रूरत है.

ब्राउन के इस बयान को विपक्ष ने आड़े हाथों लेते हुए कहा है कि उनका चुनाव का सामना करने से बचना उनकी कमज़ोरी और अनिश्चय का संकेत देता है.

अटकलों को विराम

ग़ौरतलब है कि पिछले कुछ सप्ताहों से मीडिया में इस तरह की ख़बरें आ रही थीं कि गॉर्डन ब्राउन लेबर पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार का कार्यकाल पूरा होने से पहले ही देश में आम चुनावों की घोषणा कर सकते हैं.

ब्राउन की इस ताज़ा घोषणा के बाद यह लगभग स्पष्ट हो गया है कि वो वर्ष 2010 से पहले देश में आम चुनावों के पक्ष में नहीं हैं और शायद इसकी घोषणा भी न करें.

माना जा रहा है कि जनमत को लेकर ताज़ा अनुमानों का अध्ययन करने के बाद प्रधानमंत्री ने इस तरह का निर्णय लिया है.

जानकारी के मुताबिक इन अनुमानों से इस बात का संकेत मिलता है कि कंज़रवेटिव की तुलना में लेबर पार्टी को पिछले चुनावों में मिली बढ़त का अंतर अब कम हो रहा है.

ब्राउन ने साफ़ कहा है कि देश पिछले कुछ महीनों में बहुत बड़ी चुनौतियों से गुज़रा है और अब वो लोगों को दिखाना चाहते हैं कि हाउसिंग, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में देश के भविष्य को लेकर उनके मन में क्या सोच है.