http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 02 अक्तूबर, 2007 को 08:50 GMT तक के समाचार

बर्मा के सैन्य शासक से मिले गम्बारी

संयुक्त राष्ट्र के विशेष दूत इब्राहिम गम्बारी ने राजधानी नेपिएडॉ पहुँचने के चार दिनों बाद बर्मा के सैन्य शासक थान श्वे से मुलाक़ात की है.

इस बीच बर्मा की सड़कों पर सैकड़ों बौद्ध भिक्षु और आम लोग प्रदर्शन कर रहे हैं.

बर्मा के सैन्य शासन के ख़िलाफ़ बौद्ध भिक्षुओं ने पिछले हफ़्ते से प्रदर्शन शुरु किया था जिसे सैन्य शासकों ने हिंसा से दबाने की कोशिश की है.

इस घटनाक्रम से चिंतित संयुक्त राष्ट्र ने इब्राहिम गम्बारी को विशेष दूत के रुप में बर्मा भेजा है.

विवरण नहीं

इब्राहिम गम्बारी और थान श्वे के बीच क्या बात हुई इसके विवरण नहीं मिल पाए हैं.

बर्मा के सूचना मंत्रालय ने कहा है कि दोनों के बीच मुलाक़ात कोई एक घंटे चली.

लेकिन इस मुलाक़ात से पहले ही संयुक्त राष्ट्र ने स्पष्ट कर दिया था कि उनके विशेष दूत गम्बारी जनरल श्वे से बर्मा में दमन रोकने, बंदियों को रिहा करने और देश में सहमति का माहौल बनाने के लिए दबाव डालेंगे.

बीबीसी संवाददाता क्रिस हॉग का कहना है कि इस बात की संभावना पहले से ही कम थी कि गम्बारी को अपनी बातों का कोई सकारात्मक जवाब सुनने को मिलेगा.

सैन्य प्रशासन ने पहले ही कह दिया है कि शांति और स्थायित्व क़ायम हो चुका है.

इससे पहले संयुक्त राष्ट्र को संबोधित करते हुए बर्मा के विदेश मंत्री न्यान विन ने आरोप लगाया था कि जो कुछ वह छोटा विरोध प्रदर्शन था लेकिन राजनीतिक अवसरवादियों ने इसका फ़ायदा उठाया जिससे कि अव्यवस्था फैल गई.

हालांकि अभी भी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि पिछले सप्ताह गिरफ़्तार किए गए सैकड़ों लोगों का क्या हुआ.

स्थानीय सूत्रों का कहना है कि गिरफ़्तार किए गए लोगों को शहर के बाहरी हिस्से में रखा गया है.