रविवार, 23 सितंबर, 2007 को 14:55 GMT तक के समाचार
बर्मा में पिछले बीस सालों में भिक्षुओं के नेतृत्व में सबसे बड़ा सरकार विरोधी प्रदर्शन हुआ है.
इसमें नन ने भी हिस्सा लिया.
लगातार सातवें दिन हुए इस प्रदर्शन में करीब बीस हज़ार लोगों ने हिस्सा लिया. इसमें तानाशाही को ख़त्म करने की माँग की गई.
पिछले दिन के उलट, पुलिस ने भिक्षुओं को उस सड़क पर जाने से रोक दिया जो विपक्ष की नेता आंग सांग सू की के घर तक जाती है.
हज़ारों प्रदर्शनकारी रंगून के बीचों-बीच आ गए, उसी रास्ते के ज़रिए जिसका इस्तेमाल 1988 में विफल सेना-विरोधी अभियान में किया गया था.
रैलियाँ पिछले महीने शुरू हुए थे जब सरकार ने ईंधन के दाम दोगुने कर दिए थे.
बीबीसी संवाददाता का कहना है कि हर दिन प्रदर्शन में हिस्सा लेने वाले लोगों की संख्या बढ़ती जा रही है-छह दिन पहले कुछ भिक्षुओं ने ये अभियान शुरू किया था और अब लोग ख़ुले तौर पर सेना को चुनौती दे रहे हैं.
आसियान के क्षेत्रीय प्रमुख ऑंग केंग यॉग ने एपी से कहा कि वे उम्मीद करते हैं कि बर्मा के अधिकारी प्रदर्शनकारियों के ख़िलाफ़ सख़्त क़दम नहीं उठाएँगे.
बर्मा के बौद्ध भिक्षुओं के एक नए संगठन ने यह विरोध अभियान शुरु किया है जिसका नेतृत्व युवा वर्ग के चरमपंथी भिक्षु कर रहे हैं.
इस संगठन के प्रवक्ता ने बीबीसी को बताया कि उन्होने 1988 और 1990 में हुए प्रदर्शनों से सबक सीखा है जिन्हें सेना ने आसानी से दबा दिया था. लेकिन इस बार उनके नेता जोखिम नहीं उठाएंगे और छिपे रहेंगे.