http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 21 सितंबर, 2007 को 18:25 GMT तक के समाचार

इराक़ में भ्रष्टाचार को लेकर चिंता

बग़दाद में अमरीकी दूतावास से लीक हुई एक रिपोर्ट में इराक़ी सरकार में व्याप्त भ्रष्टाचार को लेकर चिंता जताई गई है.

इस रिपोर्ट में मंत्रालयों को एक के बाद एक मिली विफलता का ज़िक्र किया गया है कहा गया है कि प्रशासन भ्रष्टाचार विरोधी क़ानून को लागू करने में सक्षम ही नहीं है.

इस रिपोर्ट में इराक़ी सरकार की प्रशासनिक क्षमताओं को लेकर अब तक की सबसे कड़ी निंदा की गई है.

इसमें कहा गया है कि बहुत से मंत्रालयों पर या तो लड़ाकों का नियंत्रण है या फिर संगठित अपराधियों का.

अमरीकी अधिकारियों का कहना है कि इसकी वजह से ये मंत्रालय भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ काम कर रहे अधिकारियों की पहुँच से दूर है.

अमरीकी दूतावास की एक प्रवक्ता का कहना है कि इस रिपोर्ट को अभी अंतिम रुप नहीं दिया गया है और इसमें दी गई कुछ जानकारियों की विश्वसनीयता अभी सवालों के घेरे में हैं.

उनका कहना है कि इराक़ी सरकार ने कहा है कि वह भ्रष्टाचार से निपटने के लिए प्रतिबद्ध है.