बुधवार, 19 सितंबर, 2007 को 10:02 GMT तक के समाचार
अमरीका ने इराक़ में अपने राजनयिकों पर पाबंदी लगा दी है कि वे बेहद कड़ी सुरक्षा वाले ग्रीन ज़ोन इलाक़े से बाहर सड़क के ज़रिए कोई यात्रा नहीं करेंगे.
ऐसा उस घटना के बाद किया गया है जिसमें राजधानी बग़दाद के एक व्यस्त चौराहे पर एक अमरीकी कंपनी ब्लैकवाटर के सुरक्षा गार्डों ने अंधाधुंध गोलियाँ चला दीं जिसमें कम से कम आठ इराक़ियों की मौत हो गई.
ब्लैकवाटर कंपनी के पास इराक़ में अमरीकी विदेश मंत्रालय के तमाम कर्मचारियों की सुरक्षा करने का ठेका है. इराक़ सरकार ने इस घटना के बाद देश में ब्लैकवाटर कंपनी के तमाम कार्यकलापों को स्थगित कर दिया है.
उधर ब्लैकवाटर ने कहा है कि उसके सुरक्षा गार्डों ने आत्मरक्षा में गोली चलाई थी.
इराक़ के आंतरिक सुरक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि ब्लैकवाटर कंपनी के सुरक्षा गार्डों ने गत रविवार को बग़दाद के एक व्यस्त चौराहे पर आम लोगों पर अचानक गोलियाँ चलानी शुरू कर दी थीं और इस घटना में आसपास खड़े निर्दोष लोगों और एक पुलिसकर्मी की जान चली गई.
इराक़ में अमरीकी दूतावास ने अपने नागरिकों को बुधवार को भेजे एक संदेश में कहा है कि अमरीकी राजनयिकों की सुरक्षा की समीक्षा करने के लिए देशभर में उनकी तमाम सड़क यात्राओं पर फिलहाल रोक लगाई जा रही है.
अमरीकी दूतावास ने कहा है, "राजनयिकों की सड़क यात्राओं पर यह रोक इसलिए लगाई गई है ताकि सुरक्षा उपायों और प्रक्रिया का फिर से आकलन किया जा सके और ग्रीन ज़ोन से बाहर यात्रा करने पर उत्पन्न ख़तरों का जायज़ा लिया जा सके."
राजधानी बग़दाद में बीबीसी संवाददाता ह्यू साइक्स का कहना है कि इस आदेश के बाद अमरीकी राजनयिकों को अपना रोज़मर्रा का सामान्य कामकाज करना काफ़ी मुश्किल होगा, ख़ासतौर से ऐसे माहौल में जबकि इराक़ का विदेश मंत्रालय ग्रीन ज़ोन से बाहर स्थित है.