शनिवार, 15 सितंबर, 2007 को 18:45 GMT तक के समाचार
इराक़ में शिया नेता मुक़्तदा अल सद्र समर्थक राजनीतिक दल ने सत्ताधारी शिया गठबंधन से समर्थन वापस ले लिया है.
पार्टी का कहना है कि नूरी अल मलिकी की अगुआई वाली सरकार ने उनकी कोई भी मांग पूरी नहीं की है.
सद्र समर्थक पार्टी के समर्थन वापस ले लेने से प्रधानमंत्री नूरी अल मलिकी के गठबंधन को संसद में क़रीब 50 प्रतिशत समर्थन ही रह गया है. संसद में सद्र समर्थक पार्टी के 32 सदस्य हैं.
पार्टी के मंत्रियों ने पहले ही त्यागपत्र दे दिया था. सद्र समर्थकों ने पहले भी शिकायत की थी कि देश में सुरक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ है और ना ही अमरीकी सैनिकों की वापसी की कोई समयसीमा तय हुई है.
समर्थन
बीबीसी संवाददाताओं का कहना है कि सद्र समर्थक पार्टी के इस फ़ैसले के बाद सरकार पर सवाल ज़रूर खड़े हुए हैं लेकिन वे सत्ता में बने रहेंगे क्योंकि उनके पास कुर्द और कुछ निर्दलीय सदस्यों का समर्थन है.
शिया गठबंधन से अलग होने का फ़ैसला नजफ़ में एक संवाददाता सम्मेलन में किया गया.
सद्र समर्थक पार्टी ने प्रधानमंत्री नूरी अल मलिकी पर यह भी आरोप लगाया कि उन्होंने कई फ़ैसलों में उनकी राय नहीं ली.
अगस्त में प्रमुख सुन्नी गठबंधन ने भी इराक़ी कैबिनेट से अपने मंत्रियों को हटा लिया था. इस समय इराक़ी कैबिनेट में 17 मंत्री है और 23 पद अभी भी रिक्त हैं.