अफ़्रीका में हुई भारी बारिश के कारण करीब दस लाख लोग प्रभावित हुए हैं.
अधिकारियों के मुताबिक बारिश की वजह से कई लोगों की मौत हो चुकी है और फ़सलों को भी नुकसान पहुँचा है.
घाना के कई हिस्सों को आपदा ज़ोन घोषित कर दिया गया है वहीं इथियोपिया और युगांडा में हज़ारों लोग बेघर हो गए हैं.
संयुक्त राष्ट्र का कहना है कि बाढ़ के कारण जमा हुए पानी से हैजा जैसी कई बीमारियाँ हो सकती हैं.
बाढ़ से कम से कम 14 देश प्रभावित हैं.
संयुक्त राष्ट्र की एक अधिकारी के मुताबिक पश्चिमी अफ़्रीका में पाँच लाख लोग प्रभावित हुए हैं और पाँच लाख लोग सूडान में.
राहत कार्य में लगी संस्थाओं के मुताबिक कई इलाक़ों में खाने और दवाई की सख़्त ज़रूरत है.
बीबीसी संवाददाता का कहना है कि पश्चिमी, मध्य और पूर्वी अफ़्रीका में एक भी देश ऐसा नहीं है जो बारिश से प्रभावित न हुआ हो.
युगांडा में नौ लोगों के मारे जाने की ख़बर है जबकि घाना में 20 लोगों की मौत हो चुकी है और करीब चार लाख लोग बेघर हो गए हैं.