http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 11 सितंबर, 2007 को 10:05 GMT तक के समाचार

सैन्य ठिकाने को उड़ाने की धमकी

जर्मनी में अमरीका के एक वायुसैनिक ठिकाने पर बम हमले की धमकी के मद्देनज़र जर्मन पुलिस को अमरीकी सेना की मदद के लिए पहुँचना पड़ा. धमकी टेलीफ़ोन पर दी गई थी.

जर्मन पुलिस का कहना है कि जब अमरीकी सैन्यबलों ने धमकी के बारे में उन्हें सूचित किया तो वह इसकी सुरक्षा के लिए तेज़ी से वहाँ पहुँच गए.

ट्रीयर के निकट स्पैंगडैलहैम में अमरीकी वायुसैनिक ठिकाने को उड़ाने की धमकी अमरीका पर 9/11 हमले की छठी बरसी के एक दिन पहले सोमवार को दी गई.

साजिश

पिछले सप्ताह जर्मन अधिकारियों ने अमरीकी ठिकानों पर बड़े चरमपंथी हमले की एक साज़िश को नाकाम करने का दावा किया था.

इस सिलसिले में तीन लोगों को गिरफ़्तार भी किया गया था.

अधिकारियों का कहना है कि ये तीनों लोग पाकिस्तान के प्रशिक्षण शिविरों में प्रशिक्षण हासिल कर चुके थे और उन्होंने 700 किलोग्राम रासायनिक विस्फोटक भी हासिल कर लिया था.

पुलिस का कहना था कि इन लोगों ने उन स्थानों पर हमला करने की साज़िश की थी जहाँ अमरीकी अधिक संख्या में आते-जाते हैं, उनके निशाने पर नाइटक्लब और अमरीकी सैन्य ठिकाने थे.

ख़बरों के अनुसार फ्रैंकफर्ट हवाई अड्डे को भी निशाना बनाने की योजना थी. फ्रैंकफर्ट यूरोप के व्यस्ततम हवाई अड्डों में से एक है.

ट्रीयर में पुलिस ने कहा कि सोमवार को टेलीफ़ोन पर हमले की धमकी देने वाला शख्स जर्मन बोलता है, लेकिन उसका लहज़ा रूसी या तुर्की भाषा बोलने वालों की तरह था.