सोमवार, 03 सितंबर, 2007 को 12:28 GMT तक के समाचार
अमरीकी राष्ट्रपति जॉर्ज बुश ने संकेत दिया है कि इराक़ में मिल रही सफलता कायम रहने पर सैनिकों की संख्या में कटौती की जा सकती है.
जॉर्ज बुश अचानक सोमवार को इराक़ के दौरे पर पहुँचे थे. उनके साथ अमरीकी सुरक्षा सलाहकार स्टीफ़न हैडली भी थे.
उनका विमान इराक़ के हिंसाग्रस्त अनबार प्रांत में उतरा. लगभग सात घंटे बिताने के बाद वो वापस लौट गए हैं.
इराक़ यात्रा के दौरान जॉर्ज बुश ने वहाँ के प्रधानमंत्री नूरी अल मलिकी से मुलाक़ात की और अमरीकी सैनिकों को संबोधित भी किया.
अमरीकी रक्षा मंत्री रॉबर्ट गेट्स बुश के पहुँचने से पहले ही इराक़ आ गए थे.
राष्ट्रपति बुश आख़िरी बार करीब एक साल पहले इराक़ गए थे. पिछली बार की तरह इस बार का बुश का दौरा भी गुप्त रखा गया था.
राष्ट्रपति बुश ऑस्ट्रेलिया जाते समय बीच में इराक़ में रुके.
कुछ दिन बाद ही अमरीकी सैन्य कमांडर कॉंग्रेस को रिपोर्ट सौंपने वाले हैं जिसमें इस साल इराक़ में और अमरीकी सैनिक भेजने की योजना पर वो अपनी राय देंगे.
संवाददाताओं का कहना है कि इराक़ में अमरीकी नीति को लेकर अगले दो महीने काफ़ी अहम हैं.
रिपोर्ट
बग़दाद में बीबीसी संवाददाता का कहना है कि अनबार प्रांत के हवाई ठिकाने पर बुश के उतरने का फ़ैसला काफ़ी अहम है क्योंकि इसे सुन्नी चरमपंथ का गढ़ माना जाता है.
संवाददाता के मुताबिक अमरीका मानता है कि सुन्नी चरमपंथियों से मिलने वाली चुनौती कम करने में वो काफ़ी हद तक कामयाब रहा है क्योंकि कई स्थानीय कबीले चरमपंथियों के ख़िलाफ़ हो गए हैं.
अमरीका के नेतृत्व वाली सेना का समर्थन कर रहे कई इमामों की इराक़ में हत्या की जा चुकी है.
इराक़ी प्रधानमंत्री नूरी अल मलिकी समेत इराक़ के कई वरिष्ठ राजनेता अमरीकी राष्ट्रपति से मिलने के लिए अनबार आए.
शिया नेता नूरी अल मलिकी जब से प्रधानमंत्री बने हैं तब से ये सिर्फ़ तीसरा मौका है कि वो शिया सुन्नी बहुल इलाक़े अनबार में आएँ हैं.