शनिवार, 25 अगस्त, 2007 को 02:00 GMT तक के समाचार
अमरीका में सिख संगठनों ने हवाई अड्डों पर लागू होने वाली नई सुरक्षा प्रक्रिया का विरोध किया है जिसके तहत जाँच अधिकारी पगड़ी की तलाशी ले सकेंगे.
अमरीकी परिवहन सुरक्षा प्रशासन के ताज़ा दिशा निर्देशों में कहा गया है कि सुरक्षा अधिकारियों को और अधिकार दिए जाएंगे और उन्हें पगड़ी की तलाशी की अनुमति दी जाएगी.
अभी तक पगड़ी की तलाशी 'मेटल डिटेक्टर' से होती थी लेकिन अब इस जाँच में कुछ भी संदिग्ध नहीं पाए जाने पर भी सुरक्षा अधिकारी ख़ुद तलाशी ले पाएंगे.
विरोध
मौजूदा प्रक्रिया के तहत सुरक्षा अधिकारी पगड़ी तभी उतरवाते हैं जब मेटल डिटेक्टर किसी तरह की चेतावनी का संकेत दे.
लेकिन अब सुरक्षा अधिकारी अपने हाथों से पगड़ी उतार कर देख सकते हैं कि उसके भीतर कोई चीज तो नहीं छुपाई गई है.
हाल ही में सिखों के कृपाण रखने पर भी विवाद हुआ था जिसके बाद सिख संगठनों ने अभियान चला कर अमरीकी अधिकारियों को इसके धार्मिक महत्व के बारे में बताया था.
अब पगड़ी की तलाशी से संबंधित नए आदेश को सिख संगठनों ने भेदभावपूर्ण और धार्मिक भावना को ठेस पहुँचाने वाला बताया है.
दूसरी ओर परिवहन सुरक्षा प्रशासन का कहना है कि बमों और रासायनिक हथियारों के ख़तरे से निपटने के लिए नई जाँच नीति ज़रूरी है.