गुरुवार, 23 अगस्त, 2007 को 20:01 GMT तक के समाचार
अमरीकी ख़ुफ़िया एजेंसियों की एक रिपोर्ट में इराक़ की नूरी अल-मलिकी की सरकार की शासन करने की क्षमताओं को लेकर गंभीर शंकाएँ ज़ाहिर की गई हैं.
इस रिपोर्ट में कहा गया है कि इराक़ी नेता प्रभावी ढंग से शासन नहीं संभाल पा रहे हैं और आने वाले छह से बारह महीनों के भीतर इराक़ी सरकार और कमज़ोर हो जाएगी.
'नेशनल इंटेलिजेंस रिपोर्ट' में अमरीकी की सभी सोलह ख़ुफ़िया एजेंसियों की रिपोर्ट को शामिल किया गया है.
यह रिपोर्ट ऐसे समय में आई है जब अमरीका में इस बात का दबाव बढ़ता जा रहा है कि इराक़ी नेता मलिकी को पद से हटने के लिए कहा जाना चाहिए.
हालांकि राष्ट्रपति जॉर्ज बुश ने एक दिन पहले ही नूरी अल मलिकी की तारीफ़ करते हुए कहा था कि वे एक अच्छे इंसान हैं जो एक कठिन काम कर रहे हैं.
इस रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि इराक़ी फ़ौजें अभी भी इस काबिल नहीं है कि वे अमरीकी फ़ौजों के बिना काम कर सकें.
इसके अनुसार इराक़ में शिया और सुन्नी समुदायों के बीच बढ़ती दरार की वजह से राजनीतिक अस्थिरता बढ़ती जा रही है.
ख़ुफ़िया एजेंसियों की रिपोर्ट के अनुसार इस साल की शुरुआत से अब तक इराक़ की सुरक्षा व्यवस्था में सुधार तो हुआ दिखता है लेकिन यह बहुत असंतुलित सा है.
रिपोर्ट के अनुसार हिंसा अभी भी बहुत हो रही है.
बीबीसी के वॉशिंगटन संवाददाता जेम्स कुमारस्वामी का कहना है कि इस बात की संभावना कम है कि इराक़ में अमरीकी फ़ौजों को रोकने की वकालत कर रहे राष्ट्रपति बुश राजनीतिक विफलता को बहुत तवज्जो देंगे और वे सुरक्षा व्यवस्था को ही मुद्दा बनाए रखेंगे.