http://www.bbcchindi.com

रविवार, 19 अगस्त, 2007 को 12:05 GMT तक के समाचार

मिसाइल लांचर के बदले डिज़ाइनर जूते!

अगर एक आम आदमी के पास ज़मीन से हवा में मार करने वाली ऐसी मिसाइल मिल जाए, जिससे विमानों को निशाना बनाया जा सकता है, तो अमरीका जैसे देश में पुलिस अधिकारियों की क्या हालत होगी- इसका अंदाज़ा लगाया जा सकता है.

ओरलैंडो में पुलिस ने एक स्कीम शुरू की थी, जिसके तहत आम नागरिकों से अपने हथियार जमा करने की अपील की गई थी.

इस स्कीम के तहत पुलिस को आम नागरिकों से हथियारों के बारे में कोई सवाल भी नहीं पूछना था.

साथ ही हथियार जमा करने वाले लोगों को डिज़ाइनर जूते या फिर 50 डॉलर की राशि भी मिल रही थी. लेकिन हद तो उस समय हो गई जब ज़मीन से हवा में मार करने वाली मिसाइल लेकर पहुँच गया.

ओरलैंडो सेन्टिनल अख़बार के मुताबिक़ इस अनाम व्यक्ति ने इस मिसाइल लांचर के बदले अपनी बेटी के लिए डिज़ाइनर जूते लिए.

कोशिश

उस व्यक्ति ने अख़बार ने बताया कि चार फ़ीट का मिसाइल लांचर उसे पिछले हफ़्ते एक छप्पर के नीचे से मिला था.

इस अनाम व्यक्ति ने यह भी बताया कि उसने इस मिसाइल लांचर को ठिकाने लगाने की बहुत कोशिश की लेकिन वह सफल नहीं हो पाया. इस व्यक्ति ने इस मिसाइल लांचर को कबाड़ में बेचने की भी कोशिश की.

लेकिन लोगों ने उन्हें भगा दिया. उन्होंने बताया, "मुझे नहीं पता चल पा रहा था कि इसका क्या करना है. इसलिए मैं इसे यहाँ लेकर आया."

इस स्कीम के तहत एक मिसाइल लांचर के अलावा ओरलैंडो पुलिस के पास 310 बंदूकें भी जमा कराई गई हैं.

इस मिसाइल लांचर को देखने के बाद पुलिस की प्रवक्ता सार्जेंट बारबारा जोन्स ने बताया कि उन्हें नहीं पता कि स्कीम के तहत आम आदमी के पास से मिसाइल लांचर भी मिल जाएगा.