http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 16 अगस्त, 2007 को 01:57 GMT तक के समाचार

चरमपंथी घोषित हो सकते हैं ईरानी गार्ड

अमरीकी अधिकारियों ने बीबीसी को बताया है कि ईरानी सेना के अंग रिवोल्यूशनरी गार्ड्स को जल्दी ही विदेशी चरमपंथी संगठनों की सूची में डाला जा सकता है.

अमरीका का कहना है कि इस बात के सबूत हैं कि रिवोल्यूशनरी गार्ड इराक़ में शिया चरमपंथियों और अफ़ग़ानिस्तान में तालेबान चरमपंथियों को प्रशिक्षण और हथियार दे रहा है.

ईरानी विदेश मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने इन आरोपों को ख़ारिज करते हुए कहा कि यह ईरान के ख़िलाफ़ अमरीकी मनोवैज्ञानिक युद्ध का एक हिस्सा है.

चरमपंथी संगठनों की सूची में शामिल होने पर कोई भी अमरीकी संगठन रिवोल्यूशनरी गार्ड या उनके व्यावसायिक नेटवर्क के साथ किसी तरह का संबंध नहीं रख पाएंगे.

ऐसा पहली बार होगा कि अमरीका किसी देश की सेना के एक हिस्से को चरमपंथी संगठनों की सूची में शामिल करेगा.

इस क़दम से अमरीका ईरानी सेना के इस विशेष प्रशिक्षित सैन्य टुकड़ी के वित्तीय ढाँचे को निशाना बना सकता है.

फिलहाल अमरीका के विदेशी चरमपंथी संगठनों की सूची में 42 संगठन हैं जिनमें अलक़ायदा, हिज़्बुल्ला, हमास, एलटीटीई और स्पेनी संगठन एटा शामिल है.