http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 11 अगस्त, 2007 को 15:37 GMT तक के समाचार

बम धमाके में प्रांतीय गवर्नर की मौत

इराक़ के दक्षिणी प्रांत क़दीसिया के गवर्नर और पुलिस प्रमुख की एक बम धमाके में मौत हो गई है.

गवर्नर ख़लील जलील हम्ज़ा और पुलिस प्रमुख मेजर जनरल ख़ालिद हसन दीवानिया शहर लौट रहे थे, तभी रास्ते में धमाका हो गया.

ये इलाक़ा शिया विद्रोहियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच संघर्ष का केंद्र रहा है.

गवर्नर ख़लील जलील हम्ज़ा बद्र संगठन के महत्वपूर्ण सदस्य थे, जो सबसे बड़ी शिया मुस्लिम पार्टी द सुप्रीम इस्लामिक इराक़ी काउंसिल की सैन्य शाखा है.

इराक़ के सरकारी टेलीविज़न के मुताबिक़ क़दीसिया के उप गवर्नर ने प्रांत में अनिश्चिकालीन कर्फ़्यू लगाने की घोषणा कर दी है.

इस बम धमाके में गवर्नर और पुलिस प्रमुख के अलावा तीन अंगरक्षक भी मारे गए हैं.

बद्र संगठन और शिया नेता मुक़्तदा अल सद्र के समर्थक मेहदी सेना के बीच हमेशा संघर्ष होता रहता है.

गवर्नर ने हाल ही में ये निर्देश जारी किया था कि प्रांत के अन्य विद्रोही संगठनों को अपने हथियार डाल देने चाहिए.