बुधवार, 08 अगस्त, 2007 को 18:20 GMT तक के समाचार
इंडोनेशिया का पश्चिमी जावा प्रांत में भूकंप के ज़बर्दस्त झटके महसूस किए गए हैं. रिएक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 7.3 बताई गई है.
अभी तक जानमाल के नुकसान की कोई ख़बर नहीं है और न ही अभी तक अधिकारियों ने सूनामी की कोई चेतावनी जारी की है.
भूकंप का झटका राजधानी जकार्ता में भी महसूस किया गया है जो भूकंप के केंद्र से सौ किलोमीटर दूर है.
बीबीसी संवाददाता का कहना है कि भूकंप के कारण जकार्ता की कई इमारतें हिल गईं.
इंडोनेशिया के मौसम विभाग का कहना है कि भूकंप का केंद्र ज़मीन के भीतर 286 किलोमीटर तक है इसलिए इसके बाद सूनामी की चेतावनी जारी नहीं की गई.
उधर जापान के मौसम विभाग ने भी कहा है कि सूनामी की संभावना नहीं है.
संवाद समिति एपी ने हवाई में प्रशांत सूनामी चेतावनी केंद्र के अधिकारी राबर्ट सेसारो के हवाले से कहा है कि इन झटकों के बाद सूनामी नहीं आएगी.