रविवार, 05 अगस्त, 2007 को 02:51 GMT तक के समाचार
इराक़ की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ईरान और अमरीका सोमवार को तीसरे दौर की चर्चा करेंगे.
इस बैठक में इराक़ के लिए एक त्रिपक्षीय सुरक्षा समिति के गठन पर चर्चा होने की संभावना है.
ईरानी टेलीविज़न ने इराक़ में ईरान के राजदूत हसन काज़मी क़ोमी के हवाले से कहा है कि यह बैठक बग़दाद में होगी.
इस बैठक में इराक़ भी शामिल होगा.
मई में ईरान और अमरीका के बीच 27 सालों के कूटनीतिक खींचतान के बाद पहली बार बात हुई थी और इसके बाद पिछले महीने दूसरे दौर की बात हुई थी.
इस बीच ईरान और अमरीका के बीच आपसी मतभेद बरक़रार हैं.
अमरीका का आरोप है कि इराक़ के शिया चरमपंथियों को ईरान बढ़ावा दे रहा है. जबकि इराक़ पर अमरीकी नीति से असहमत ईरान चाहता है कि अमरीकी फ़ौजें जल्दी से जल्दी इराक़ छोड़ दें.
ईरान और अमरीका एक बार फिर दोनों के बीच तनाव के मुद्दों को दरकिनार करके सोमवार की इस बैठक में भाग लेंगे.
उनका ध्यान उस मुद्दे पर होगा जिसे लेकर दोनों के बीच सहमति बन चुकी है और वो है इराक़ की सुरक्षा व्यवस्था के लिए एक त्रिपक्षीय समिति का गठन.
सोमवार की बैठक में इराक़ के प्रतिनिधि की मौजूदगी में समिति के एजेंडे पर भी बात होगी.