रविवार, 05 अगस्त, 2007 को 13:24 GMT तक के समाचार
इराक़ में मौज़ूद अमरीकी सेनाओं का कहना है कि उन्होंने एक महत्वपूर्ण शिया मस्जिद पर हुए हमलों के मुख्य षड़यंत्रकारी को मार दिया है.
सेना के अनुसार हैथम अल-बद्री नाम अल-क़ायदा के नेता थे. इन हमलों के बाद इराक़ में जातीय संघर्ष बहुत बढ़ गए थे.
अमरीकी अधिकारियों का कहना है कि वर्ष 2006 और 2007 में समारा की अल-अस्करी मस्जिद पर हुए हमलों के पीछे हैथम अल-ब्रदी का हाथ था.
इन हमलों में मस्जिद की गुंबद और मीनारें नष्ट हो गए थे. अमरीका का कहना है कि अल-बद्री सलाहुद्दीन प्रांत में अल-क़ायदा के नेता थे.
अमरीकी अधिकारियों के अनुसार समारा के पूर्व में की गई अमरीकी कार्रवाई में अल-बद्री मारे गए.
अमरीका ने इराक़ की राजधानी बगदाद के पूर्वी हिस्से में मोर्टार के हमले में लगभग 11 लोगों की मौत के बाद यह दावा किया. अपुष्ट ख़बरों के अनुसार अल-बद्री एक हवाई हमले में मारे गए.
हमला
यह मस्जिद इराक़ में मौज़ूद शिया इबादतगाहों में बहुत ही महत्वपूर्ण है. मस्जिद पर हुए हमलों की वजह से जातीय संघर्ष भड़क गए थे जिसमें हज़ारों लोगों की जान गई.
वर्ष 2007 में हुए एक दूसरे हमले में मस्जिद की मीनारें भी नष्ट हो गई थीं.
बग़दाद से बीबीसी संवाददाता का कहना है कि इराक़ी सरकार ने अल-बद्री को फरवरी, 2006 में मस्जिद पर हुए हमले के लिए दोषी ठहराया था.
इस बीच रविवार को पूर्वी बगदाद में हुए मोर्टार हमले में क़रीब 11 लोग मारे गए और 15 घायल हो गए. यह घटना तब हुई जब सुबह-सुबह लोग पेट्रोल स्टेशन पर ईंधन लेने के लिए आए हुए थे.
ईंधन की कमी की वजह से इराक़ी अक्सर ईंधन लेने के लिए पेट्रोल स्टेशन पर इकट्ठा होते हैं और हमले का शिकार होते हैं.