बुधवार, 18 जुलाई, 2007 को 06:10 GMT तक के समाचार
संयुक्त राष्ट्र के परमाणु निरीक्षकों ने पुष्टि की है कि उत्तर कोरिया ने अपना पूरा परमाणु कार्यक्रम बंद कर दिया है.
मलेशिया में अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के महानिदेशक मोहम्मद अल-बारादेई ने कहा है कि अपना मुख्य परमाणु रिएक्टर बंद करने के बाद उत्तर कोरिया ने चार और परमाणु ठिकाने भी बंद कर दिए हैं.
आईएईए ने यह घोषणा ऐसे समय में की है जब बीजिंग में उत्तर कोरिया को लेकर छह देशों की बैठक शुरु होने जा रही है.
उल्लेखनीय है कि मकाऊ बैंक में जमा धनराशि लौटाने और अतिरिक्त आर्थिक सहायता के अमरीकी प्रस्तावों को स्वीकार करते हुए उत्तर कोरिया ने फ़रवरी में अपना परमाणु कार्यक्रम बंद करना स्वीकार किया था.
बाद में कुछ नए विवाद पैदा हुए जिसकी वजह से यह जुलाई तक टल गया.
पुष्टि
सोमवार को आईएईए महानिदेशक ने पहली बार इस बात की पुष्टि की थी कि उत्तर कोरिया ने अपना ब्योंगब्योन परमाणु रिएक्टर बंद कर दिया है.
इसके अगले दिन उत्तर कोरिया के साथ चर्चा कर रहे वरिष्ठ अमरीकी अधिकारी क्रिस्टोफ़र हिल ने घोषणा की थी कि उत्तर कोरिया की कम्युनिस्ट सरकार के निरस्त्रीकरण को लेकर अब कोई बाधा नहीं है.
अब अलबारादेई ने यह घोषणा कर दी है कि ब्योंगब्योन रियक्टर बंद करने के बाद उत्तर कोरिया ने अपने बचे हुए चार परमाणु ठिकानों को भी बंद कर दिया है.
इन चार ठिकानों में से दो ऐसे ठिकाने हैं जहाँ दो बड़े रियक्टरों का निर्माण हो रहा था. इनमें से एक में परमाणु ईंधन तैयार करने के लिए था और दूसरा इस प्लूटोनियम का संवर्धन करके परमाणु हथियार बनाने के लिए.
हालांकि अलबारादेई ने कहा है कि उन्हें और उनके सहयोगियों को अभी ब्योंगब्योन के अलावा भी जाँच करनी होगी और विश्व समुदाय को आश्वस्त करना होगा कि उत्तर कोरिया में कोई परमाणु सामग्री नहीं है और न तैयार की जा रही है.
बीबीसी संवाददाता जोनाथन केंट का कहना है कि ब्योंगब्योन संयंत्र का बंद होना इस क्षेत्र की सुरक्षा के कठिन राह में एक क़दम भर है.