मंगलवार, 17 जुलाई, 2007 को 08:22 GMT तक के समाचार
जापानी अधिकारियों का कहना है कि वे सोमवार को आए भूकंप के बाद परमाणु संयंत्र से रेडियोधर्मी विकिरण लीक होने की जाँच करेंगे.
ख़बरें हैं कि भूकंप के दौरान परमाणु कचरे के कुछ ड्रम गिर गए थे और उनमें से कुछ के ढक्कन खुले पाए गए.
यह भी पता चला है कि संयंत्र से कुछ रेडियोधर्मी पदार्थ समुद्र में बहकर चले गए थे.
हालांकि टोक्यो विद्युत ऊर्जा कंपनी का कहना है कि रेडियोधर्मी पदार्थ के लीक होने से पर्यावरण को कोई ख़तरा नहीं है.
बीबीसी संवाददाता का कहना है कि भूकंप के कारण काशीवाज़ाकी परमाणु संयंत्र को हुए नुक़सान ने जापान के परमाणु संयंत्रों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
इस भूकंप से हज़ारों लोग प्रभावित हुए हैं और बड़ी संख्या में लोग राहत शिविरों में रह रहे हैं.
भूकंप के कारण नौ लोगों की मौत हो गई थी और सैकड़ों लोग घायल हुए हैं.
इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.6 मापी गई थी.
भूकंप के बाद छोटी सूनामी लहरों के उठने की आशंका जताई गई थी लेकिन बाद में ये चेतावनी वापस ले ली गई.
जापान को भूकंप की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील माना जाता है.
अक्टूबर, 2004 में 6.8 तीव्रता का भूकंप आया था जिसमें 65 लोगों की मौत हो गई थी.
हाल के दिनों में जापान में सबसे बड़ा भूकंप 1995 में आया था. उस समय कोबे शहर 7.3 तीव्रता वाले भूकंप से हिल गया था और उसमें 6,400 लोग मारे गए थे.