शनिवार, 14 जुलाई, 2007 को 17:05 GMT तक के समाचार
संयुक्त राष्ट्र के दस निरीक्षकों का दल अपने साज़ोसामान के साथ प्योंगयोंग पहुँचा है.
संयुक्तराष्ट्र के निरीक्षक उत्तर कोरिया के मुख्य परमाणु संयंत्र को बंद किए जाने के काम की निगरानी करेंगे.
उत्तर कोरिया ने निरीक्षकों को योंगब्योन परमाणु संयंत्र के प्रमुख हिस्सों तक जाने देने की अनुमति दी है.
परमाणु मामलों के अमरीकी दूत क्रिस्टोफ़र हिल ने कहा है कि योंगब्योन के परमाणु रिएक्टर को सोमवार तक बंद किया जा सकेगा.
लेकिन संयुक्तराष्ट्र के निरीक्षकों को ये सुनिश्चित करने में तीन हफ़्ते तक का समय लग सकता है कि योंगब्योन परिसर के अन्य संयंत्रों को पूरी तरह बंद किया गया है या नहीं.
ये काम पूरा होते ही संयुक्तराष्ट्र के आठ निरीक्षक वापस लौट जाएँगे, और दो वहीं, योंगब्योन में बने रहेंगे.
बीजिंग में हुई वार्ताओं में उत्तर कोरिया को परमाणु गतिविधियाँ बंद करने की शुरुआत करने के बदल 50 हज़ार टन ईंधन तेल देने की पेशकश की गई थी. इसकी पहली खेप उत्तर कोरिया पहुँच भी चुकी है, लेकिन सरकार ने अभी तक योंगब्योन रिएक्टर को बंद करने की समय-सीमा नहीं बताई है.
योंगब्योन रिएक्टर चार वर्षों से कार्यरत है और माना जाता है कि कि उत्तर कोरिया वहाँ इतना संवर्धित प्लूटोनियम पैदा कर चुका है जिससे कि 12 परमाणु बम तक बनाए जा सकें.