http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 14 जुलाई, 2007 को 13:25 GMT तक के समाचार

सबील और हनीफ़ के ख़िलाफ़ आरोप तय

ब्रिटेन में पिछले महीने लंदन और ग्लासगो में हुए विफल बम हमलों के सिलसिले में भारत में जन्मे डॉक्टर सबील अहमद के ख़िलाफ़ आरोप तय कर दिए गए हैं.

हनीफ़ के ख़िलाफ़ आरोप तय

इन विफल हमलों के सिलसिले में वे तीसरे व्यक्ति हैं जिनके ख़िलाफ़ आरोप तय किए गए हैं.

26 वर्षीय डॉक्टर सबील अहमद के ख़िलाफ़ आतंकवादी कानून की धारा 38( बी) के उस प्रावधान के तहत आरोप तय किए गए हैं जिसके अंतर्गत 'उनके पास ऐसी जानकारी थी या वे ऐसा मानते थे कि इस जानकारी से हमले रोके जा सकते थे.

माना जा रहा है कि डॉक्टर सबील अहमद लंदन में सोमवार को अदालत के सामने पेश होंगे.

आरोप

सबील अहमद को 30 जून को लिवरपूल शहर में गिरफ़्तार किया गया था.

इससे पहले इराक़ के डॉक्टर बिलाल को ग्लासगो हवाईअड्डे पर हुए विफल हमले के बाद पकड़ लिया गया था. उन पर धमाके करने की साज़िश करने का आरोप लगाया गया है.

वहीं ऑस्ट्रेलियाई पुलिस ने भारतीय मूल के डॉक्टर हनीफ़ के ख़िलाफ़ भी आरोप तय किए हैं.

उन पर 'आतंकवादी संगठन' को ‘सहयोग देने’ का आरोप लगाया है.

यदि यह आरोप साबित हो जाता है तो डॉक्टर हनीफ़ को अधिकतम 15 साल की सज़ा मिल सकती है. डॉक्टर हनीफ़ के वकील उनकी ज़मानत के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया में हैं.

29 जून को लंदन में दो जगह विफल बम हमले हुए थे और फिर ग्लासगो हवाईअड्डे पर भी हमला करने की कोशिश हुई थी. उसी के बाद से पुलिस जाँच कर रही है.