http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 13 जुलाई, 2007 को 03:41 GMT तक के समाचार

पाक शांतिरक्षकों ने तस्करी कीः संयुक्त राष्ट्र

संयुक्त राष्ट्र ने अपनी अंतरिम जाँच में बीबीसी की इस रिपोर्ट को सही पाया है कि कांगो में तैनात पाकिस्तानी शांतिरक्षक वहाँ सोने की तस्करी में लिप्त थे.

मई महीने में बीबीसी को कुछ ऐसे सबूत मिले थे जिनसे यह साबित होता था कि अफ्रीकी देश कांगो में संयुक्त राष्ट्र के पाकिस्तानी शांतिरक्षक सोने की तस्करी में लिप्त थे.

हालांकि सयुक्त राष्ट्र की अंतरिम रिपोर्ट में कहा गया है कि ऐसे सबूत तो मिले हैं जिनसे यह साबित होता है कि कुछ शांतिरक्षक सोने की तस्करी में शामिल थे पर हथियारों की तस्करी में भी लिप्त होने का सबूत नहीं मिला है.

ग़ौरतलब है कि कांगो में वर्ष 2005-06 के दौरान संयुक्त राष्ट्र की ओर से नियुक्त पाकिस्तानी शांतिरक्षकों में से कुछ पर आरोप था कि वे अपनी नियुक्ति के दौरान सोने और हथियारों की तस्करी में लिप्त थे.

इस बाबत संयुक्त राष्ट्र के शांतिरक्षक दल के प्रमुख, ज्याँ मैरी ने बताया कि जाँच में सामने आए तथ्यों से पाकिस्तानी सरकार को अवगत करा दिया गया है और अपेक्षा की जा रही है कि पाकिस्तानी सरकार इस दिशा में उचित क़दम उठाएगी.

आरोप

वर्ष 2005 में संयुक्त राष्ट्र ने कुछ पाकिस्तानी शांति रक्षकों को इसलिए कांगो भेजा था ताकि वहाँ अवैध तरीके से हो रही सोने की तस्करी को रोका जा सके और कांगो के हालात बदलें.

पर ऐसा कर दिखाने के बजाए शांति रक्षक खुद ही इस तस्करी में लिप्त हो गए.

संयुक्त राष्ट्र शांतिरक्षकों पर इस तरह के आरोप वर्ष 2005 में ही सामने आ गए थे पर संयुक्त राष्ट्र की ओर से इस दिशा में तत्काल कोई भी अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की गई.

शांतिरक्षकों के इस तस्करी में लिप्त होने की ख़बर धीरे-धीरे चारों तरफ फैलने लगी जिसके बाद संयुक्त राष्ट्र ने वर्ष 2006 की शुरुआत में एक आंतरिक जांच के आदेश भी दे दिए थे.

इस जाँच की शुरुआत के बाद कुछ चौंकाने वाले तथ्य सामने आए थे.

मसलन, पाकिस्तान के कुछ शांतिरक्षक कांगो में अपनी नियुक्ति के दौरान सोने की तस्करी में लिप्त थे और सोना हासिल करने के लिए इन्होंने चरमपंथी संगठनों को हथियार तक दिए.