http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 12 जुलाई, 2007 को 07:03 GMT तक के समाचार

बुश प्रशासन पेश करेगा इराक़ पर रिपोर्ट

संभावना है कि बुश प्रशासन इराक़ सरकार की प्रगति पर अमरीका संसद में गुरुवार को अंतरिम रिपोर्ट पेश करेगा. उधर संयुक्त राष्ट्र ने इराक़ में बढ़ रही हिंसा पर गंभीर चिंता जताई है.

संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून ने इराक़ में अमरीकी नीति की दिशा पर और वहाँ बढ़ रही हिंसा पर चिंता जताई है.

उधर बुश प्रशासन इराक़ पर अंतरिम रिपोर्ट पेश करने जा रहा है जो जनवरी में वहाँ अतिरिक्त सैनिक भेजने के बाद इराक़ की ज़मीनी स्थिति पर पहला आधिकारिक आकलन होगा.

बीबीसी के वॉशिंगटन संवाददाता का कहना है कि उम्मीद ये है इराक़ की स्थिति के बारे में मिली-जुली तस्वीर पेश की जाएगी और बुश प्रशासन दावा करेगा कि सुरक्षा क्षेत्र में संतोषजनक प्रगति हुई है.

लेकिन उनका ये भी कहना है कि इराक़ सरकार को राजनीतिक स्तर पर मैत्री स्थापित करने के लिए कम ही अंक दिए जाएँगे.

बीबीसी संवाददाता का कहना है कि कई रिपब्लिकन सीनेटर सार्वजनिक तौर पर इराक़ में रणनीति को बदलने की बात कर रहे हैं और राष्ट्रपति कार्यालय के अधिकारी ऐसी किसी विद्रोह को क़ाबू करने के प्रयास कर रहे हैं जिससे अमरीकी सैनिकों को इराक़ से वापस बुलाना पड़े.

मून चर्चा में जुटे

उधर बीबीसी को दिए एक इंटरव्यू में संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून ने कहा कि वे विचार-विमर्श की प्रक्रिया में जुटे हैं.

उनका कहना था कि चर्चा इस बारे में है कि यदि अमरीकी नीति में अचानक कोई बदलाव होता है तो इराक़ में संयुक्त राष्ट्र की भावी भूमिका क्या हो.

उनका कहना था कि किसी भी फ़ैसले से पहले उनके कर्मचारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी.