http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 09 जुलाई, 2007 को 16:30 GMT तक के समाचार

डॉक्टर हनीफ़ की हिरासत की अवधि बढ़ी

ब्रिटेन में कार बम धमाके करने की साज़िश रचने के सिलसिले में ऑस्ट्रेलिया में हिरासत में लिए गए भारतीय डॉक्टर मोहम्मद हनीफ़ की हिरासत की अवधि दो दिन के लिए बढ़ा दी गई है.

ऑस्ट्रेलिया पुलिस को ब्रिस्बेन की एक अदालत ने अनुमति दे दी है कि वह हनीफ़ को दो दिन और हिरासत में रख सकती है, अभी डॉक्टर हनीफ़ से पूछताछ चल रही है.

डॉक्टर हनीफ़ को पछले सप्ताह ब्रिस्बेन हवाई अड्डे से ब्रितानी पुलिस के अनुरोध पर हिरासत में लिया गया था.

'निर्दोष हैं डॉक्टर हनीफ़'

रविवार को क्वींसलैंड में डॉक्टर हनीफ़ के घर की तलाशी दूसरी बार ली गई.

ब्रिटेन में हिरासत में लिए गए छह में से दो लोगों से 27 वर्षीय डॉक्टर हनीफ़ के तार जुड़े बताए गए हैं.

इसी सिलसिले में गिरफ़्तार किए गए 27 वर्षीय इराक़ी डॉक्टर बिलाल अब्दुल्ला को ब्रिटेन की एक अदालत ने विस्फोट करने की साज़िश रचने के आरोप में न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

ब्रिस्बेन की अदालत ने सोमवार को हिरासत की अवधि दो दिन बढ़ाने का निर्णय इसलिए लिया ताकि अब तक जुटाई गई जानकारी का विश्लेषण करके आगे की नीति तय की जा सके. पुलिस ने डॉक्टर हनीफ़ के अस्पताल के कंप्यूटरों को भी अपने क़ब्ज़े में ले लिया है.

डॉक्टर हनीफ़ से काफ़ी लंबी पूछताछ ऑस्ट्रेलियाई पुलिस कर चुकी है, उन्हें दो जुलाई को हिरासत में लिया गया था जब वे भारत जाने के लिए एक विमान पर सवार हो रहे थे.

डॉक्टर हनीफ़ के वकील ने दलील दी थी कि उनसे पूछताछ करने की समय सीमा समाप्त हो गई है लेकिन ऑस्ट्रेलिया पुलिस ने और पूछताछ की ज़रूरत बताई थी.

डॉक्टर हनीफ़ के परिवार के सदस्यों का कहना है कि वे निर्दोष हैं और वे अपनी पत्नी और नवजात बच्चे को देखने के लिए भारत आ रहे थे.

इस महीने के शुरू से लेकर अब तक पाँच अन्य भारतीय डॉक्टरों से पूछताछ की गई है लेकिन उन्हें हिरासत में नहीं लिया गया था.