गुरुवार, 05 जुलाई, 2007 को 01:41 GMT तक के समाचार
अल क़ायदा के शीर्ष नेताओं में से एक अयमन अल ज़वाहिरी का एक नया वीडियो जारी हुआ है.
इसमें उन्होंने मुसलमानों से पश्चिम के ख़िलाफ़ जेहाद छेड़ने और इराक़ में विद्रोह को समर्थन देने के लिए एकजुट होने का अनुरोध किया है.
उन्होंने अरब सरकारों का तख्ता पलट करने की भी अपील की है. इसमें सऊदी अरब और मिस्र की सरकारें शामिल हैं. उनका कहना है कि ये सरकारें भ्रष्ट हैं.
इस साल यह आठवाँ वीडियो है जिसमें ज़वाहिरी नज़र आए हैं. यह पता नहीं चल सका है कि यह वीडियो कब रिकॉर्ड किया गया.
इस वीडियो में ब्रिटेन के विफल कार धमाकों के बारे में कुछ नहीं कहा गया है.
अयमन अल ज़वाहिरी पेशे से आँखों के डॉक्टर रहे हैं और उन्हें अल क़ायदा का प्रमुख रणनीतिकार माना जाता है.
कुछ विश्लेषक मानते हैं कि 11 सितंबर, 2001 के हमलों के पीछ अयमन अल ज़वाहिरी की ही सोच रही थी.
2001 में अमरीका ने जो दुनिया के सबसे वांछित 22 चरमपंथियों की जो सूची जारी की थी, उसमें ज़वाहिरी का नाम ओसामा बिन लादेन के बाद दूसरे नंबर पर था और उन पर ढाई करोड़ डॉलर का इनाम रखा गया था.