http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 29 जून, 2007 को 08:12 GMT तक के समाचार

बहुत बड़ा ख़तरा टलाः लंदन पुलिस

लंदन में पुलिस ने शहर के केंद्रीय इलाक़े में एक कार बम को निष्क्रिय किया है. पुलिस का कहना है कि इससे जान-माल का भारी नुकसान हो सकता था.

पुलिस को शुक्रवार तड़के एक कार में ये बम मिला जिसमें काफ़ी मात्रा में पेट्रोल, गैस सिलिंडर, कील और विस्फोट करने का यंत्र था.

पुलिस का कहना है कि फ़िलहाल ये नहीं कहा जा सकता कि इसके लिए कौन ज़िम्मेदार था लेकिन सरकारी सूत्रों का कहना है कि प्रारंभिक संकेतों से पता चलता है कि 'कोई अंतरराष्ट्रीय तत्व' इससे संबंधित थे.

केंद्रीय लंदन के हेयमार्किट के इलाक़े में एक नाइट क्लब के बाहर ये कार पार्क की गई थी लेकिन पुलिस का कहना है कि फ़िलहाल ये नहीं कहा जा सकता कि इसका निशाना क्लब ही था.

'गंभीर ख़तरा'

ब्रिटेन की सरकार ने आपात स्थिति का सामना करने के लिए बनाई गई सुरक्षा समिति की बैठक बुलाई है जिसकी अध्यक्षता नई गृह मंत्री जैकी स्मिथ करेंगी.

प्रधानमंत्री गोर्डन ब्राउन ने कहा कि ब्रिटेन एक 'गंभीर और निरंतर बना ख़तरा' झेल रहा है.

उनका कहना था कि जनता को हर समय 'सतर्क' रहने की ज़रूरत है.

महत्वपूर्ण है कि लंदन में सात जुलाई 2005 को तीन भूमिगत मेट्रो ट्रेनों और एक बस में बम धमाके हुए थे.

इन आत्मघाती बम हमलों में 52 लोग मारे गए थे और कई अन्य घायल हो गए थे.

नियंत्रित धमाका किया गया

लंदन में विस्फोटकों की जाँच करने वाले अधिकारियों को केंद्रीय लंदन के संदिग्ध बम के बारे में तब पता चला जब केंद्रीय लंदन के हेयमार्किट इलाक़े में पार्क की गई एक कार की जाँच करने के लिए उन्हें बुलाया गया.

प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिलने के बाद पूरे इलाक़े की घेराबंदी कर ली गई.

पुलिस दल ने एक नियंत्रित धमाका किया और संदिग्ध बम को निष्क्रिय कर दिया.

स्कॉटलैंड यार्ड के एक अधिकारी का कहना है कि इस घटना में विफल रहे आत्मघाती बम हमले के प्रयास की झलक दिखती है और यह सौभाग्य है कि पुलिस को समय रहते इसकी जानकारी मिल गई.

रक्षा मंत्री डेस ब्राउन का कहना था, "यह बहुत गंभीर घटना नज़र आती है. मेरी पहली प्रतिक्रिया यह थी कि ईश्वर की कृपा है कि हमारे पास पुलिस और विस्फोटकों को निष्क्रिय करने वाले विशेषज्ञ हैं."

इस बम या किसी तरह के हमले के बारे में पहले से कोई चेतावनी नहीं दी गई थी और फ़िलहाल इस मामले में कोई गिरफ़्तारी नहीं की गई है.

वेस्टमिंस्टर इलाक़े में अतिरिक्त सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं.