मंगलवार, 26 जून, 2007 को 18:46 GMT तक के समाचार
अमरीकी सीनेट ने आप्रवास के मुद्दे पर फिर चर्चा के पक्ष में मत दिया है.
राष्ट्रपति बुश ने इस विधेयक का समर्थन किया है और कहा कि यह उनकी घरेलू प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर है.
इस विधेयक से एक करोड़ बीस लाख अवैध प्रवासियों को अमरीकी नागरिक बनने का मौक़ा मिलेगा.
साथ ही इसमें सीमा की सुरक्षा बढ़ाने की भी बात कही गई है.
पिछले कई महीनों से इस विधेयक को अमरीकी संसद से पारित होने के प्रयास असफल रहे हैं क्योंकि दोनों दलों रिपब्लिकन और डेमोक्रेटिक पार्टी ने इसका विरोध किया था.
अमरीकी सीनेट में इस विधेयक पर बहस कराए जाने के पक्ष में 64 और विरोध में 35 मत पड़े.
बीबीसी संवाददाता का कहना है कि अगले कुछ दिनों में इस विधेयक पर बहस हो सकती है और दोनों दल शुक्रवार तक इस पर कोई फ़ैसला करवाने की कोशिश करेंगे क्योंकि इसके बाद सीनेट का सत्रावसान हो जाएगा.
बुश का समर्थन
सीनेट के नेताओं ने रिपब्लिकन पार्टी के नेताओं के विरोध को देखते हुए सीमा सुरक्षा के लिए 4.4 अरब डॉलर का राशि का प्रावधान पहले कर दिया है.
राष्ट्रपति बुश ने इस विधेयक को पारित करने के लिए व्यक्तिगत अपील की थी.
इस विधेयक में सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी किए जाने का भी प्रावधान है.
लेकिन पहले से ही अमरीका में रह रहे प्रवासियों के लिए व्यावहारिक ढंग से निपटने की बात कही गई है.
इस विधेयक के अंतर्गत बिना सही दस्तावेज़ के रह रहे लोगों को अमरीका में रहने की अनुमति दी जाएगी और फिर उन्हें अमरीका की नागरिकता भी मिल जाएगी.
इन विधेयक के विरोधियों का मानना है कि मेक्सिको से लगी सीमा सुरक्षा के लिए ख़तरा है और बिना दस्तावेज़ के रह रहे लोगों को नागरिकता नहीं दी जानी चाहिए.
एक अनुमान के मुताबिक अमरीका में एक करोड़ से भी अधिक लोग अवैध तरीके से रहते हैं. इसमें दक्षिण एशियाई मूल के लोगों की भी बड़ी संख्या शामिल है.