http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 18 जून, 2007 को 14:48 GMT तक के समाचार

हमास से बातचीत करने का आग्रह

रूस ने नई फ़लस्तीनी सरकार से आग्रह किया है कि वो हमास समेत अन्य फ़लस्तीनी गुटों के साथ बातचीत करे.

फ़लस्तीनी राष्ट्रपति महमूद अब्बास ने गुरुवार को हमास के नेतृत्व वाली सरकार को बर्ख़ास्त कर दिया था और रविवार को नई सरकार का गठन किया गया है.

इस बीच नई सरकार ने सोमवार को रमल्ला में पहली बैठक की. सूचना मंत्रि रियाद अल मलिकी ने कहा कि नई सरकार पश्चिमी तट और ग़ज़ा में सुरक्षा स्थिति फिर से सामान्य करने की कोशिश कर रही है.

ग़ज़ा में फ़िलहाल हमास का नियंत्रण है. ग़जा़ में ईंधन मुहैया कराने वाली निजी इसराइली कंपनी ने भी नियमित रुप से सप्लाई फिर शुरू कर दी है.

एक दिन पहले ही कंपनी ने कहा था कि वो सिर्फ़ इलाक़े के बिजली संयंत्र को ही ईंधन देगा.

मदद बहाल होगी

उधर यूरोपीय संघ की विदेश नीति के प्रमुख हाविए सोलाना ने कहा है कि फ़लस्तीनी प्रशासन को आर्थिक मदद फिर से बहाल करने का फ़ैसला किया गया है.

ऐसा वहाँ बनी नई सरकार को समर्थन देने के लिए किया गया है.

हाविए सोलाना ने ये नहीं बताया कि आर्थिक सहायता दोबारा कब शुरु होगी लेकिन ये कहा कि इस धनराशि का कुछ हिस्सा ग़ज़ा में जाएगा.

करीब डेढ़ वर्ष पहले फ़लस्तीनी क्षेत्र में चुनाव में हमास की जीत के बाद यूरोपीय संघ और अमरीका ने सरकार को आर्थिक मदद देना बंद कर दिया था.

लक्ज़मबर्ग में बोलते हुए हाविए सोलाना ने कहा कि यूरोपीय संघ नई फ़लस्तीनी सरकार को कुछ हद तक सीधे पैसा देने के लिए तैयार है.

उनका कहना था, "ये बहुत ज़रूरी है कि नए प्रधानमंत्री अपना बजट तैयार कर पाएँ और इस बजट के ज़रिए वो ग़ज़ा और पश्चिमी तट के लोगों की मदद कर पाएँगे."

इससे पहले इसराइल ने कहा था कि चूँकि अब फ़लस्तीनी सरकार में हमास शामिल नहीं है तो वो आर्थिक प्रतिबंध कम करने पर विचार करेगा.

नए फ़लस्तीनी प्रधानमंत्री सलाम फ़य्याद पिछली सरकार में वित्त मंत्री थे और अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं के बीच उनका काफ़ी सम्मान है.