http://www.bbcchindi.com

रविवार, 17 जून, 2007 को 17:36 GMT तक के समाचार

लेबनान से इसराइल में रॉकेट हमले

अधिकारियों का कहना है कि लेबनान की सीमा से इसराइल में रॉकेट हमला हुआ है. हमले में कई वाहनों को क्षति पहुँची है.

इसराइली और लेबनानी सुरक्षा बलों का कहना है कि यह हमला किसी फ़लस्तीनी गुट की ओर से हुआ है. इसराइल ने कहा है कि वह किसी उकसाने वाली कार्रवाई के आगे नहीं झुकेगा.

लेबनानी चरमपंथी गुट हिज़्बुल्ला ने हमले में किसी तरह की भागीदारी से इनकार किया है.

अभी तक किसी भी संगठन ने हमले की ज़िम्मेदारी नहीं ली है.

पिछले वर्ष हिज़्बुल्ला के साथ युद्ध के बाद पहली बार लेबनानी सीमा से इसराइल में हमला हुआ है.

लेबनानी टेलीजिवज़न के मुताबिक एक रॉकेट किसी फैक्ट्री पर गिरा और दूसरा एक कार पर.

हमला ऐसे समय में हुआ है जब इसराइली प्रधानमंत्री एहुद ओल्मर्ट तीन दिनों की यात्रा पर अमरीका पहुँचे हैं.

ओल्मर्ट के साथ यात्रा पर गए एक अधिकारी ने कहा, "लगता है कि हमला फ़लस्तीनियों ने किया है न कि हिज़्बुल्ला ने."

उनका कहना था कि फ़लस्तीनी इसराइल को सैनिक कार्रवाई के लिए उकसाना चाह रहे हैं लेकिन वो किसी दबाव में नहीं आएंगे.