http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 16 जून, 2007 को 23:15 GMT तक के समाचार

तेरह इराक़ी खिलाड़ियों की लाश मिली

जिन 15 इराक़ी ताएक्वांडो खिलाड़ियों का एक वर्ष पहले अपहरण कर लिया गया था उनमें से 13 खिलाड़ियों की लाशें बरामद हुई हैं.

अधिकारियों का कहना है कि पिछले वर्ष मई महीने में पूरी टीम का अनबार प्रांत में अपहरण कर लिया गया था जब वे पड़ोसी देश जॉर्डन जा रहे थे.

अधिकारियों को तेरह लाशें पश्चिमी इराक़ के रमादी शहर से मिली हैं जबकि दो और लोगों का अब तक कुछ पता नहीं चल सका है.

पिछले दो वर्षों में इराक़ में खिलाड़ियों के अपहरण की अनेक घटनाएँ हुई हैं.

इराक़ी पुलिस का कहना है कि अनबार सुन्नी साल्वेशन काउंसिल नाम के एक संगठन के सदस्यों को इन लाशों का पता चला था.

टीम की पोशाक के टुकड़ों से इनकी पहचान ताएक्वांडो टीम के गुमशुदा खिलाड़ियों के रूप में की गई है अन्यथा लाशें सिर्फ़ हड्डियों का ढेर रह गई हैं जिनसे पहचान कर पाना असंभव है.

इन अवशेषों को अब बग़दाद के इमाम अली अस्पताल भेजा जा रहा है जहाँ इनका डीएनए परीक्षण किया जाएगा.

इराक़ नेशनल ओलंपिक कमेटी के महासचिव हुसैन अल ओबैदी ने बताया है कि ये खिलाड़ी ओलंपिक में हिस्सा लेने की तैयारियों में जुटे थे.

ओबैदी ने कहा, "हम अब तक यही उम्मीद कर रहे थे कि ये लोग ज़िंदा होंगे और देश की ओर से ओलंपिक में हिस्सा लेंगे."

इन लाशों के मिलने के बाद सैकड़ों की तादाद में लोग शवयात्रा में पहुँचे और मातम में हिस्सा लिया.

पिछले वर्ष भी इराक़ के एक अंतरराष्ट्रीय स्तर के फुटबॉल रेफ़री, एक ओलंपियन फुटबॉलर और एक राष्ट्रीय स्तर के वॉलीबॉल खिलाड़ी का अपहरण कर लिया गया था.

इराक़ी कुश्ती टीम के कोच की पिछले वर्ष बग़दाद में हत्या कर दी गई थी, एक सम्मेलन से इराक़ की ओलंपिक कमेटी के चेयरमैन सहित तीस लोगों का अपहरण कर लिया गया था.