गुरुवार, 14 जून, 2007 को 21:45 GMT तक के समाचार
फ़लस्तीनी ऑथारिटी के राष्ट्रपति महमूद अब्बास ने हमास के नेतृत्ववाली सरकार को बर्ख़ास्त कर दिया है और आपातकाल की घोषणा कर दी है.
अब्बास के सहयोगियों का कहना है कि राष्ट्रपति जल्द से जल्द चुनाव की घोषणा करेंगे ताकि ग़ज़ा में हमास और फ़तह के बीच चल रहे संघर्ष को रोका जा सके.
हमास ने इस पर तत्काल प्रतिक्रिया व्यक्त की और फ़ैसले को ख़ारिज कर दिया.
फ़लस्तीनी प्रधानमंत्री इस्माईल हानिया ने राष्ट्रपति अब्बास के उनकी सरकार को बर्ख़ास्त करने के फ़ैसले को जल्दबाजी में उठाया गया क़दम बताया है.
हमास के प्रवक्ता समी अबू ज़ुहरी का कहना था,'' व्यावहारिक रूप से ये फ़ैसले बेमतलब हैं. प्रधानमंत्री हानिया सरकार के मुखिया रहेंगे, भले ही राष्ट्रपति ने इसे भंग कर दिया हो.''
अब्बास के सहयोगियों का कहना है कि उन्होंने हमास के नेता और फ़लस्तीनी प्रधानमंत्री इस्माईल हानिया को बर्ख़ास्त कर दिया है और अब वे एक निष्पक्ष शख्स को प्रधानमंत्री नियुक्त करने जा रहे हैं.
प्रभुत्व का संघर्ष
बीबीसी संवाददाता मैथ्यू प्राइस का कहना है कि इस आदेश पर अमल होते ही पश्चिमी तट और ग़ज़ा एक दूसरे से अलग से हो जाएंगे.
ग़ज़ा पर हमास का कब्ज़ा रहेगा और पश्चिमी तट का संचालन फ़तह के हाथों में आ जाएगा.
ग़ौरतलब है कि हमास के लड़ाकों ने ग़ज़ा के अधिकांश हिस्सों पर नियंत्रण कर लिया है. साथ ही पश्चिमी तट भी अब संघर्ष के दायरे में आ गया है.
प्रतिद्वंद्वी फ़लस्तीनी गुटों फ़तह और हमास के बीच पिछले कई दिनों से चल रहे संघर्ष में लगभग सौ लोग मारे जा चुके हैं.
उल्लेखनीय है कि प्रतिद्वंद्वी गुटों फ़तह और हमास ने मिलकर मार्च में साझा सरकार का गठन इस उम्मीद के साथ किया था कि इससे दोनों के बीच तनाव कम होगा लेकिन ऐसा हुआ नहीं.
सोमवार को दोनों के बीच संघर्षविराम हुआ था लेकिन वह तुरंत टूट भी गया.