http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 11 जून, 2007 को 22:52 GMT तक के समाचार

अंतरिक्ष में सुनीता की चहलक़दमी

अमरीकी अंतरिक्ष यान अटलांटिस के दो यात्रियों ने अंतरिक्ष में चहलक़दमी यानी स्पेसवॉक शुरू कर दिया है.

वे अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र में एक बड़े ढांचे को भी खड़ा करना चाहते हैं ताकि उससे विभिन्न उपकरण जोड़े जा सकें.

लेकिन उनके अभियान में देरी हुई क्योंकि केंद्र को सही स्थिति में रखनेवाला उपकरण ज्यादा वजन के कारण अपनी स्थिति से हट गया था.

इसके अलावा अंतरिक्ष यात्री सोलर पैनल को भी स्थापित करने की कोशिश करेंगे ताकि अंतरिक्ष केंद्र के लिए अधिक ऊर्जा उत्पन्न की जा सके.

अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से भारतीय मूल की अमरीकी अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स को वापस आना है. वो पिछले छह महीने से वहाँ हैं.

सुनीता की वापसी

लेकिन अटलांटिस के उड़ान भरने के समय ईंधन टैंक से फोम के कुछ टुकड़े गिरे थे जिसके कारण उनकी वापसी को लेकर संशय उत्पन्न हो गया है.

सन् 2003 में अंतरिक्ष यान कोलंबिया पृथ्वी की कक्षा में प्रवेश करते हुए दुर्घटनाग्रस्त हो गया था जिसमें कल्पना चावला समेत सात अंतरिक्ष यात्रियों की मौत हो गई थी.

ग़ौरतलब है कि पिछले वर्ष 10 दिसंबर को अंतरिक्ष यान डिस्कवरी से सुनीता और छह अन्य अंतरिक्ष यात्रियों ने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के लिए उड़ान भरी थी.

सुनीता की पैदाइश अमरीका के ओहायो में 1965 में हुई थी. उनके पिता 1958 में अहमदाबाद से अमरीका जाकर बस गए थे.

सुनीता के पिता दीपक पांड्या और माँ बोनी पांड्या मैसाचुसेट्स राज्य के फ़ाल्मथ शहर में रहते हैं.

सुनीता विलियम्स अंतरिक्ष विज्ञान का ख़ासा ज्ञान रखती हैं और रूस में उन्होंने लंबे समय तक काम किया है.