गुरुवार, 07 जून, 2007 को 17:55 GMT तक के समाचार
खाड़ी में आए ज़बरदस्त तूफ़ान ने ओमान में भारी तबाही मचाई है. पुलिस का कहना है कि इससे कम से कम 20 लोग मारे गए हैं.
मृतकों में एक भारतीय भी है. अधिकारियों का कहना है कि दो भारतीय नागरिक घायल हुए हैं और नौ तूफ़ान के बाद से लापता हैं.
इस तूफ़ान को 'गोनू' नाम दिया गया है और अधिकारियों का कहना है कि अब यह धीमा पड़ गया है और ईरान की ओर बढ़ गया है.
खाड़ी में पिछले कई दशकों में आया यह भीषणतम तूफ़ान था.
इसने ओमान की राजधानी मस्कट में इमारतों को नुक़सान पहुँचाया है और बड़ी संख्या में पेड़ों को धराशाई कर दिया है. वहाँ सड़कों पर पानी भर गया है.
तेज़ हवाओं के साथ हुई बारिश के चलते बिजली और पानी की आपूर्ति बाधित हुई है.
भारतीय लापता
अधिकारियों का कहना है कि इस तूफ़ान से एक भारतीय की मौत हुई है और दो अन्य घायल हुए हैं.
अधिकारियों का कहना है कि कम से कम नौ भारतीय लापता हैं.
भारतीय विदेश मंत्रालय ने इसकी पुष्टि कर दी है. मंत्रालय के अनुसार मृतक का नाम प्रकाशन है और वह मैसूर का रहने वाला था.
हैदराबाद निवासी मोहम्मद अब्दुल रहीम को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है जबकि हैदराबाद के ही धरमराजन को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है.
विदेश मंत्रालय की सूचना के अनुसार जो भारतीय लापता हैं उनमें से पाँच केरल के निवासी हैं, दो आंध्रप्रदेश के रहने वाले हैं और दो पंजाब निवासी हैं.
उल्लेखनीय है कि ओमान में 3.86 भारतीय काम करते हैं, जिनमें से बड़ी संख्या में लोग दक्षिण भारतीय राज्यों के हैं.
मस्कट में भारतीय दूतावास ने एक कंट्रोल रुम स्थापित किया है.