http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 06 जून, 2007 को 06:40 GMT तक के समाचार

फ़िदेल कास्त्रो टीवी इंटरव्यू देते नज़र आए

क्यूबा के राष्ट्रपति फ़िदेल कास्त्रो दस महीने पहले बीमार पड़ने के बाद पहली बार टीवी पर इंटरव्यू देते दिखाई दिए.

इंटरव्यू में फ़िदेल कास्त्रो ट्रेक सूट पहने हुए थे और स्वस्थ नज़र आ रहे थे.

उन्होंने वियतनाम की कम्युनिस्ट पार्टी के प्रमुख नोंग डूक मान मुलाक़ात के बारे में जानकारी दी. वियतनामी नेता की उनके साथ शनिवार को मुलाक़ात हुई थी.

पिछले साल जुलाई में पेट की सर्जरी होने के बाद से कास्त्रो सार्वजनिक रूप से लोगों के सामने नहीं आए हैं. तब से राष्ट्रपति की ज़िम्मेदारी उनके भाई राउल संभाल रहे हैं.

बीमार पड़ने के बाद फ़िदेल कास्त्रो का यह पहला इंटरव्यू है.

इससे पहले जनवरी में फ़िदेल कास्त्रो की तस्वीरें टीवी पर दिखाई गई थीं. उस वक्त उन्हें वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति ह्यूगो शावेज़ के साथ खड़ा हुआ दिखाया गया था.

फ़िदेल कास्त्रो के स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी को क्यूबा में गुप्त रखा जाता है. लेकिन माना जा रहा है कि उनकी आंतों में परेशानी पैदा हो गई है.

एक अख़बार ने अपनी रिपोर्ट में कहा था कि कास्त्रो के पिछले साल वर्ष जुलाई से कई ऑपरेशन हुए हैं जिनमें से पहला असफल रहा था.

क्यूबा के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि कास्त्रो की सेहत में तेज़ी से सुधार हो रहा है. लेकिन इस सवाल पर वे चुप्पी साध लेते हैं कि क्या वो एक बार फिर अपना कार्यभार संभाल पाएंगे.

फिलहाल कास्त्रो के भाई राउल कार्यकारी राष्ट्रपति हैं और क्यूबा के बहुत से लोगों का मानना है कि यह व्यवस्था बनी रहेगी.