http://www.bbcchindi.com

रविवार, 03 जून, 2007 को 11:19 GMT तक के समाचार

टेलीविज़न पर कास्त्रो की नई तस्वीरें

क्यूबा के टेलीविज़न पर फ़िदेल कास्त्रो की नई तस्वीरें दिखाई गई हैं जिनमें वे हवाना में वियतनाम की कम्युनिस्ट पार्टी के प्रमुख नोंग डूक मान से मिल रहे हैं.

पिछले साल जुलाई में पेट की सर्जरी होने के बाद से कास्त्रो सार्वजनिक रूप से लोगों के सामने नहीं आए हैं. तब से राष्ट्रपति की ज़िम्मेदारी उनके भाई राउल संभाल रहे हैं.

पिछेले चार महीने में फ़िदेल कास्त्रो की तस्वीरें पहली बार टेलीवीज़न पर दिखाई गई हैं.

इससे पहले जनवरी में फ़िदेल कास्त्रो की तस्वीरें टीवी पर दिखाई गई थीं. तब उन्हें वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति ह्यूगो शावेज़ के साथ खड़ा हुआ दिखाया गया था.

ताज़ा तस्वीरों में कास्त्रो ट्रैक सूट पहने अपने अतिथि से गर्मजोशी से गले मिल रहे हैं. इन तस्वीरों में फ़िदेल कास्त्रो पहले से कुछ स्वस्थ भी दिखे.

क्यूबा के टेलीविज़न के अनुसार दोनों नेताओं की मुलाक़ात दो घंटे चली और इस दौरान दोनों ने परस्पर हित के मुद्दों पर चर्चा की.

फ़िदेल कास्त्रो के स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी को क्यूबा में गुप्त सूचना माना जा रहा है लेकिन माना जा रहा है कि उनकी आंत कोमजोर हो गई है.

अभी हाल में देश के सबसे प्रमुख अख़बार में अपने एक लेख में कास्त्रो ने लिखा था कि गत वर्ष जुलाई से उनके कई ऑपरेशन हुए हैं जिनमें से पहला असफल रहा था.

क्यूबा के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि कास्त्रो की सेहत में तेज़ी से सुधार हो रहा है लेकिन इस सवाल पर वे चुप हैं कि क्या कास्त्रो एक बार फिर अपना कार्यभार संभाल पाएंगे.

फिलहाल कास्त्रो के भाई राउल कार्यकारी राष्ट्रपति हैं और क्यूबा के बहुत से लोगों का मानना है कि यह व्यवस्था बनी रहेगी.