http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 02 जून, 2007 को 12:20 GMT तक के समाचार

नाइजीरिया में सात भारतीयों का अपहरण

नाइजीरिया में कुछ बंदूकधारियों ने एक केमिकल कंपनी में काम करने वाले तीन भारतीयों और उनके चार परिवारजनों का अपहरण कर लिया है.

इसी तरह कुछ बंदूकधारियों ने एक तेल कंपनी के चार विदेशी कार्यकर्ताओं का अपहरण कर लिया है.

इनमें से एक ब्रिटेन, एक फ़्रांस, एक नीदरलैंड्स और एक पाकिस्तान का नागरिक है.

इन चार लोगों को शुक्रवार की रात नाइजर डेल्टा क्षेत्र में पोर्ट हरकोर्ट से अपहृत किया गया.

ख़बरें हैं कुछ बंदूकधारियों ने रिहाइशी इलाक़ों में हमला किया और इन लोगों का अपहरण कर लिया.

ये लोग नाइजीरिया के दंगा निरोधक पुलिस की ड्रेस में थे.

भारतीयों का अपहरण इसी तरह से शुक्रवार की सुबह किया गया.

इसी इलाक़े से पिछले महीने तीन भारतीयों का अपहरण किया गया था.

उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ महीनों में नाइजर डेल्टा क्षेत्र से कई विदेशियों का अपहरण किया गया है.

इसके पीछे या तो आपराधिक गिरोह रहे हैं या फिर चरमपंथी राजनीतिक गुट, जिसे मेंड के नाम से जाना जाता है.

उनकी माँग है कि नाइजीरिया में तेल उत्पादन से होने वाली आय को नाइजीरिया के विकासशील क्षेत्रों में खर्च किया जाए.