शनिवार, 02 जून, 2007 को 02:27 GMT तक के समाचार
लेबनान के उत्तरी इलाक़े में फ़लस्तीनी शरणार्थियों के शिविर के आसपास सेना और इस्लामी चरमपंथियों के बीच भीषण संघर्ष में 14 लोग मारे गए हैं.
लेबनानी सेना नहर अल-बारेद शरणार्थी शिविर में पिछले 13 दिनों से जमे 'फ़तह अल इस्लाम' संगठन के चरमपंथियों को वहाँ से निकालने की कोशिश कर रही है.
ग़ैर सरकारी संगठनों ने ताज़ा संघर्ष पर चिंता जताई है. उनका कहना है कि शरणार्थी शिविर पर गोले बरसाए जा रहे हैं जिससे आम लोगों को ख़तरा हो सकता है.
ख़बरें मिली हैं कि ताज़ा संघर्ष में मारे गए 14 लोगों में से दो सैनिक हैं. मारे गए बाकी लोग चरमपंथी हैं या आम नागरिक हैं, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है.
संयुक्त राष्ट्र का कहना है कि लगभग 25 हज़ार लोग शिविर छोड़ कर जा चुके हैं लेकिन 31 हज़ार से ज़्यादा अभी भी वहाँ रह रहे हैं.
शिविर के आस-पास सेना के दर्जनों टैंक और बख़्तरबंद गाड़ियाँ तैनात हैं.
सेना का दावा है कि उसने फ़तह के नियंत्रण वाले कुछ हिस्सों पर अपना क़ब्ज़ा जमा लिया है.
ख़बरें मिल रही हैं कि चरमपंथी बाहरी मोर्चों से पीछे हट कर शरणार्थी शिविर के बीच में चले गए हैं.