शुक्रवार, 01 जून, 2007 को 07:10 GMT तक के समाचार
इंटरनेट पर प्रतिदिन लाखों लोगों को अनचाहा मेल यानी स्पैम भेजने के आरोप में एक अमरीकी युवक को पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया है.
अधिकारियों का कहना है कि 'स्पैम किंग' के नाम से चर्चित 27 वर्षीय स्पैमर रॉबर्ट एलन सोलोवे अपनी पहचान छुपाकर दुनिया में सबसे तेज़ी से जंक मेल भेजने वालों लोगों में से एक है. पुलिस ने उन्हें सिएटल से गिरफ़्तार किया है.
सोलोवे पर पहचान छुपाने और इंटरनेट के ज़रिए धोखाधड़ी के आरोप लगाए गए हैं. अगर ये आरोप सही पाए गए तो सोलोवे को अधिकतम 65 साल की सज़ा भुगतने के साथ ही दो लाख 50 हज़ार अमरीकी डॉलर जुर्माना भी अदा करना पड़ सकता है.
जाँचकर्ताओं का कहना है कि सोलोवे ने वर्ष 2003 से 2007 के दौरान करोड़ों जंक मेल के ज़रिए अपनी इंटरनेट मार्केटिंग कंपनी का प्रचार किया जो कई उत्पाद और सेवाएं बेचती है.
इसके लिए सोलोवे अलग-अलग ई-मेल एकाउंट का उपयोग करते थे ताकि उन्हें कोई पकड़ न सके.
वे लोगों को बेवकूफ बनाने के लिए अपने ई-मेल में भ्रमित करने वाले शीर्षक लिखते थे ताकि लोग जरूर पढ़ें.
माना जा रहा है कि अमरीका में साइबर अपराध के मामले में पहली बार पहचान छिपाने संबंधी क़ानून का इस्तेमाल किया जा रहा है.
कंप्यूटर विशेषज्ञों का मानना है कि सोलोवे कि गिरफ़्तारी से इंटरनेट उपभोक्ताओं को जंक मेल से थोड़ी राहत मिल सकती है लेकिन यह ज़्यादा दिनों के लिए नहीं होगी.
विशेषज्ञों का कहना है कि कोई दूसरा स्पैमर जल्द ही सोलोवे की जगह भरने के लिए आगे आ सकता है.