http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 01 जून, 2007 को 08:31 GMT तक के समाचार

अपहृत बीबीसी पत्रकार का वीडियो जारी

इंटरनेट पर जारी एक वीडियो में गज़ा से अपहृत कर लिए गए बीबीसी संवाददताता एलन जॉन्सटन को दिखाया गया है.

गत 12 मार्च को उनका अपहरण कर लिया गया था और तब से यह उनकी पहली तस्वीर है.

कहा गया है कि इंटरनेट पर यह वीडियो आर्मी ऑफ़ इस्लाम ने जारी किया है और दावा किया है कि बीबीसी संवाददाता उनके कब्जे में है.

वीडियो में एलन जॉन्सटन को कहते हुए दिखाया गया है कि उनका स्वास्थ्य अच्छा है और उनके साथ अच्छा व्यवहार किया जा रहा है.

ब्रितानी विदेश मंत्रालय और बीबीसी ने कहा है कि वे वीडियो की ख़बर से अवगत हैं और इसकी जाँच कर रहे हैं.

45 वर्षीय जॉन्सटनन का 12 हफ़्ते पहले गज़ा में तब अपहरण कर लिया गया था जब वे घर लौट रहे थे.

अल-इख़लास वेबसाइट पर जारी इस वीडियो से यह ज़ाहिर नहीं होता कि ये तस्वीरें कब ली गईं थीं.

और यह भी पता नहीं चलता कि वे किन परिस्थितियों में हैं.

लाल रंग की स्वेटशर्ट पहने जॉन्सटन को कहते हुए दिखाया गया है कि पश्चिमी देशों को फ़लस्तीनी सरकार के ख़िलाफ़ लगाए गए प्रतिबंध हटा लेने चाहिए.

वे कह रहे हैं कि ब्रितानी सरकार लोगों की इच्छा के विरुद्ध मुसलमानों की ज़मीनें लेने की कोशिश कर रही है.

इससे पहले एलन जॉन्सटन को लेकर कोई ख़बर नहीं थी.

उल्लेखनीय है कि जॉन्सटन किसी पश्चिमी देश के अकेले पत्रकार थे जो पूरे समय गज़ा में रहकर काम कर रहे थे.

उनकी रिहाई के लिए राजनीतिज्ञों से लेकर सामाजिक संस्थाओं तक सबने अपील की है. कोई एक लाख लोगों ने उनकी रिहाई की ऑनलाइन अपील पर हस्ताक्षर किए हैं.