बुधवार, 30 मई, 2007 को 16:27 GMT तक के समाचार
थाईलैड में एक अदालत ने पूर्व प्रधानमंत्री टाकसिन चिनवाट की पार्टी के कई सदस्यों को चुनावी क़ानूनों के उल्लंघन का दोषी पाया है.
थाई राक थाई पार्टी के दो अधिकारियों को पिछले साल के चुनाव में दो छोटी पार्टियों को रिश्वत देने का दोषी पाया गया है. ये चुनाव बाद में रद्द कर दिए गए थे.
बीबीसी संवाददाता का कहना है कि ये अभी स्पष्ट नहीं है कि इस फ़ैसले का व्यापक पैमाने पर क्या असर होगा.
लेकिन कहा जा रहा है कि इस फ़ैसले के बाद पार्टी को भंग किया जा सकता है और साथ ही टाकसिन चिनवाट के राजीतिक पद पर आने को लेकर पाँच साल तक रोक लग सकती है.
करीब 100 अन्य अधिकारियों के भी पद ग्रहण करने पर रोक लग सकती है.
सैनिक तैनात
पिछले सितंबर में थाईलैड में तख़्ता पल्ट के बाद टाकसिन चिनवाट सत्ता से बाहर हो गए थे. उनपर भ्रष्टाचार और पद के दुरुपयोग का आरोप लगाया गया था.
इससे पहले अदालत ने कहा था कि थाईलैंड का सबसे पुरानी दल डेमोक्रेटिक पार्टी चुनावी धाँधली की दोषी नहीं हैं.
अदालत के फ़ैसले के बाद एहतियातन सैनिकों को चौकस कर दिया गया है.
थाई राक थाई पार्टी के एक सदस्य ने कहा है कि हज़ारों की संख्या में लोगों को प्रदर्शन के लिए इकट्ठा किया जाएगा.
अंतरिम प्रधानमंत्री सूयार्द चुनानोंट ने कहा है कि अगर ज़रूरी हुआ तो वे देश में आपातकाल भी लगा सकते हैं.
बीबीसी संवाददाता का कहना है कि ये अभी स्पष्ट नहीं है कि इस फ़ैसले का व्यापक पैमाने पर क्या असर होगा.
टाकसिन चिनवाट ने थाई राक थाई पार्टी 1998 में बनाई थी और उसके बाद थाईलैंड की राजनीति में तेज़ी से बदलावा आया.
वर्ष 2001 के चुनाव में टाकसिन चिनवाट सत्ता में आए लेकिन फिर उनपर भ्रष्ट्राचार के आरोप लगने लगे और 18 महीने बाद उन्हें सत्ता से बेदख़ल कर दिया गया है.
अभी वे ब्रिटेन में निर्वासित जीवन व्यतीत कर रहे हैं.