http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 28 मई, 2007 को 11:54 GMT तक के समाचार

कार बम धमाके में 20 लोगों की मौत

इराक़ की राजधानी बग़दाद में हुए एक कार बम धमाके में कम से कम 20 लोग मारे गए हैं और 46 अन्य घायल हुए हैं. पुलिस के अनुसार धमाका सिनक ज़िले में हुआ.

सिनक ज़िला दजला नदी के पूर्वी तट पर स्थित है. घायलों में दो पुलिसवाले भी हैं. धमाका इतना ज़बरदस्त था कि आठ कारें पूरी तरह नष्ट हो गई हैं.

इसी इलाक़े में मौजूद एक शिया कपड़ा व्यापारी ग़ैथ करीम ने बताया कि धमाके के बाद उन्होंने आग का गोला देखा. उन्होंने बताया, "धमाका बहुत बड़ा था. आवाज़ इतनी तेज़ थी कि एक बार तो ऐसा लगा कि ज़मीन हिल गई हो."

उन्होंने बताया कि धमाके के बाद जब वे घटनास्थल पर पहुँचे तो हर तरफ़ अफरा-तफरी का माहौल था और कई लोगों के शव वहाँ मौजूद थे.

घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है. लेकिन उनकी संख्या ज़्यादा है और आशंका है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है.

गुरुवार को इसी इलाक़े में अमरीकी विदेश मंत्रालय के अधिकारियों को लेकर जा रहे एक काफ़िले पर भी गोलीबारी हुई थी.