गुरुवार, 17 मई, 2007 को 01:48 GMT तक के समाचार
ब्रितानी सेना के प्रमुख ने कहा है कि प्रिंस हैरी को इराक़ नहीं भेजा जा रहा है.
इससे पहले प्रिंस हैरी ने कहा था कि वे इराक़ में लड़ रही ब्रितानी फ़ौज के साथ सक्रिय रुप से रहना चाहते हैं.
लेकिन सेना के प्रमुख सर रिचर्ड डैनट का कहना है कि प्रिंस हैरी अपनी रेजीमेंट 'ब्लूज़ एंड रॉयल' के साथ इराक़ नहीं जा रहे हैं.
एक बयान में कहा गया है कि प्रिंस हैरी इस निर्णय से 'निराश' हैं लेकिन इस निराशा में वे फ़ौज नहीं छोड़ने जा रहे हैं.
बीबीसी के रक्षा संवाददाता पॉल एडम्स का कहना है कि रक्षा मंत्रालय ने प्रिंस हैरी को इराक़ न भेजने का फ़ैसला उन रिपोर्ट्स के आधार पर किया है जिसमें कहा गया था कि वे चरमपंथियों के निशाने पर हो सकते हैं.
उल्लेखनीय है कि रिपोर्ट में कहा गया था कि चरमपंथी प्रिंस हैरी को मारने या अगवा करने की कोशिश कर सकते हैं. प्रिंस हैरी की तस्वीरें बड़ी संख्या में चरमपंथियों के बीच बँटवाई गई हैं.
पिछले महीने ही सेना की ओर से घोषणा की गई थी कि प्रिंस हैरी सेना के साथ इराक़ जा रहे हैं.
लेकिन अब सेना ने अपना फ़ैसला उलट लिया है.
अपने बयान में जनरल डैनट ने कहा है, "पिछले हफ़्ते इराक़ का दौरा करने के बाद मैंने पाया कि वहाँ प्रिंस हैरी और उनके आसपास के लोगों को बड़ा ख़तरा है. हम कोई जोख़िम नहीं उठाना चाहते."
उन्होंने प्रिंस हैरी की क़ाबिलियत की तारीफ़ करते हुए कहा कि वे भविष्य में इराक़ में उनकी तैनाती की संभावना से इनकार नहीं कर रहे हैं.
लेकिन इस फ़ैसले पर सवाल भी उठाए गए हैं.
इराक़ में अपने बेटे की जान गँवा चुके रेग कीज़ का कहना है, "इस फ़ैसले से लगता है कि मेरे बेटे या इराक़ में जान गँवाने वाले 150 ब्रितानी सैनिकों की तुलना में प्रिंस हैरी की जान ज़्यादा क़ीमती है."