गुरुवार, 17 मई, 2007 को 00:09 GMT तक के समाचार
फ़लस्तीनी क्षेत्र में हमास और फ़तह संगठनों के समर्थक लड़ाकों के बीच चौथे दिन भी संघर्ष जारी है. ताज़ा हमलों में 20 लोगों की मौत हो गई है.
हालांकि बुधवार को दोनों ओर से नए संघर्षविराम की घोषणा कर दी गई है, बावजूद इसके हिंसा थमती नज़र नहीं आ रही है और दोनों ओर से गोलीबारी की आवाज़ें सुनाई दे रही हैं.
पिछले चार दिनों से जारी हिंसा के दौरान चार बार संघर्षविराम घोषित किया जा चुका है. इन हमलों में अभी तक लगभग 40 लोगों की मौत हो चुकी है.
ताज़ा घटना में कुछ बंदूकधारियों ने फ़लस्तीनी प्रधानमंत्री इस्माइल हानिया के सुरक्षाकर्मियों पर भी गोलियां दागीं. हालांकि इस हमले में किसी के घायल होने की ख़बर नहीं है.
जैसे-जैसे दोनों ओर से हमलों में तेज़ी आई, लोगों ने ख़ुद को घरों में बंद करके रेडियो स्टेशनों के ज़रिए मदद की अपील की. वहीं पत्रकारों ने भी बचाव के लिए अपने कार्यालयों में ही ख़ुद को रोके रखा.
गज़ा स्थित बीबीसी संवाददाता इस संघर्ष के पूरे मंज़र को बयान करते हुए बताते हैं कि उन्होंने इससे पहले इस तरह की लड़ाई नहीं देखी.
उधर फ़लस्तीनी सूचना मंत्री मुस्तफ़ा बरघोती ने लोगों से अपील की है कि इस ख़ूनी खेल को तुरंत रोका जाना चाहिए.
इससे पहले हमास समर्थकों ने इसराइल में रॉकेट हमले किए जिसमें पाँच लोग घायल हो गए. जवाबी कार्रवाई में इसराइल ने दो हवाई हमले किए जिसमें पाँच लोगों के मरने की ख़बर है.