मंगलवार, 15 मई, 2007 को 01:41 GMT तक के समाचार
विश्व बैंक की विशेष समिति का मानना है कि विश्व बैंक के अध्यक्ष पॉल वुल्फ़ोवित्ज़ ने अपनी प्रेमिका को भारी वेतन बढ़ोत्तरी देकर आचार संहिता को तोड़ा है.
इस समिति ने कहा है कि विश्व बैंक में नेतृत्व को लेकर गंभीर संकट है. इससे उसका कार्य प्रभावित हो रहा है.
समिति की रिपोर्ट में ऐसे वक्त आई है जब पॉल वुल्फ़ोवित्ज़ विश्व बैंक के बोर्ड के समक्ष पेश होने वाले हैं.
समिति ने कहा कि निदेशकों को यह तय करना चाहिए कि पॉल वुल्फ़ोवित्ज़ विश्व बैंक को अब भी नेतृत्व प्रदान कर सकते हैं या नहीं.
दूसरी ओर पॉल वुल्फ़ोवित्ज़ इस्तीफ़ा देने से इनकार कर चुके हैं. उन्हें बुश प्रशासन का समर्थन भी हासिल है.
विवाद
विश्व बैंक के अध्यक्ष पद के नामांकन के समय से ही वुल्फ़ोवित्ज़ विवादों में रहे हैं और बैंक में भी दो साल के कार्यकाल में उनकी कई मुद्दों पर बैंक के अन्य अधिकारियों के साथ नहीं बनी.
अमरीका के उप रक्षामंत्री रह चुके वुल्फ़ोवित्ज़ को इराक़ युद्ध में अपनी भूमिका के लिए आलोचना का सामना करना पड़ा था.
उन्होंने विश्व बैंक में आने के बाद अपनी प्रेमिका शाहा रिज़ा का वेतन बढ़ाया और उन्हें पदोन्नति भी दे दी.
वुल्फ़ोवित्ज़ ने जब 2005 के मध्य में बैंक की बागडोर संभाली थी तो हितों के टकराव को रोकने के लिए रिज़ा का स्थानांतरण विदेश विभाग में कर दिया गया था.
विश्व बैंक के कई पूर्व वरिष्ठ अधिकारियों ने भी पॉल वुल्फ़ोवित्ज़ के इस्तीफ़े की माँग की थी.
वुल्फ़ोवित्ज़ ने इस मुद्दे पर माफ़ी मांगी थी लेकिन इस्तीफ़ा देने से इनकार कर दिया था.