रविवार, 13 मई, 2007 को 19:44 GMT तक के समाचार
इन दिनों बर्मा में एक नए तरह के अपराध की ख़बरें आ रही हैं.
अब वहाँ लूट और जेब कट जाने की ख़बरों से ज़्यादा शिकायतें आ रही हैं कि महिलाओं के बाल चुरा लिए गए.
चौंकिए नहीं, यह सच है कि बर्मा में महिलाओं के बाल काट लिए जा रहे हैं.
यदि आप बर्मा की राजधानी रंगून में हैं और आपके ख़ूबसूरत बाल हैं तो सावधान हो जाइए.
ख़बरें हैं कि इन दिनों वहाँ सड़कों पर बाल चुराने वाले घूम रहे हैं.
और पता चला है कि इन चोरों के हाथों में बाल काटने का वही हुनर है जो जेबकतरों के हाथों में जेब काटने के लिए होता है.
एक महिला ने एक स्थानीय अख़बार को बताया कि उसके बाल उस वक़्त चुरा लिए गए जब वह दफ़्तर से घर आ रही थी.
उसे घर पहुँचकर ही पता चला कि उसके बाल किसी ने काट लिए हैं.
एक दूसरी महिला ने बताया कि उसके बाल तब काट लिए गए जब वह सड़क के किनारे ख़रीददारी कर रही थी.
बर्मा की खस्ताहाल आर्थिक स्थिति में बाल भी पैसे बनाने की चीज़ बन गए हैं.
कई महिलाएँ सिर्फ़ इसलिए बाल बढ़ाती हैं ताकि वे उसे किसी सेलून में जाकर बेच सके.
इन बालों को विग बनाने के लिए ख़रीदा जाता है और अक्सर चीन निर्यात किया जाता है.
रंगून से लौटे बीबीसी के एक संवाददाता का कहना है कि ग़रीब इलाक़ों में बाल ख़रीदने वाले दुकानों की भीड़ बढ़ रही है.
बर्मा में फ़ैशन है कि महिलाएँ लंबे बाल रखती हैं.
लेकिन यदि बालों की चोरी का यह सिलसिला जारी रहा तो जल्दी ही महिलाएँ चोटियाँ नहीं बनाएँगी और बॉब-कट का ज़माना दिखने लगेगा.