मंगलवार, 01 मई, 2007 को 13:42 GMT तक के समाचार
इराक़ की पुलिस के अनुसार मुख्य राजमार्ग पर यात्रियों के लेकर जा रही दो बसों पर फ़ायरिंग करके हमलावरों ने कम से कम 14 लोगों को मार दिया.
दोनों हमले बग़दाद के दक्षिण में स्थित शहर इस्कंदरिया और लतीफिया में हुए.
इस्कंदरिया के पास एक मिनी बस पर अज्ञात हमलावरों ने फ़ायरिंग करके कम से कम 11 लोगों को मार डाला.
इससे कुछ ही दूरी पर स्थित लतीफिया में भी एक मिनी बस पर इसी तरह किए गए हमले में तीन लोग और मारे गए.
इराक़ में हाल के समय में चरमपंथी हमलों में ख़ासी बढ़ोत्तरी हुई है.
सोमवार को ही बग़दाद में शिया समुदाय के एक व्यक्ति के अंतिम संस्कार के दौरान हुए आत्मघाती हमले में कम से कम 30 लोग मारे गए थे. इससे कुछ ही देर पहले एक अन्य बम विस्फोट में 13 लोग मारे गए थे.
कुछ दिनों पहले इराक़ के दक्षिणी शिया बहुल शहर करबला में एक भीषण बम विस्फोट हुआ जिसमें कम से कम 55 लोग मारे गए थे और लगभग 70 घायल हुए थे.
जबकि 18 अप्रैल इराक़ के लिए पिछले ढाई महीने का सबसे हिंसक दिन साबित हुआ था.
राजधानी ब़गदाद और आस-पास के इलाक़ों में हुए छह बम हमलों में 180 से अधिक लोग मारे गए थे और दो सौ से ज़्यादा लोगों घायल हो गए थे.