http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 24 अप्रैल, 2007 को 01:55 GMT तक के समाचार

हमले में नौ अमरीकी सैनिक मारे गए

इराक़ के दियाला प्रांत में हुए आत्मघाती कार बम हमले में नौ अमरीकी सैनिक मारे गए हैं और 20 अन्य घायल हुए हैं.

बग़दाद के पूर्वोत्तर में स्थित इस प्रांत में अमरीकी और इराक़ी सैनिक चरमपंथियों के ख़िलाफ़ अभियान चला रहे हैं. दोनों पक्षों के बीच पिछले कुछ दिनों में भीषण झड़पें हुई हैं.

आत्मघाती हमला उस समय हुआ जब अमरीकी सैनिक गश्त लगा रहे थे. समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक अमरीकी सेना ने कहा है कि हमले में घायल हुए 15 सैनिक उपचार के बाद ड्यूटी पर वापस आ गए हैं लेकिन पाँच अन्य सैनिकों और एक इराक़ी नागरिक को बेहतर चिकित्सा के लिए दूसरे अस्पातल में भर्ती कराया गया है.

अभी तक मारे गए सैनिकों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है.

पिछले दो महीनों में अमरीकी सेना पर हुआ यह दूसरा सबसे बड़ा आत्मघाती हमला है.

इससे पहले 19 फरवरी को तर्मिया में हमला हुए आत्मघाती हमले में दो अमरीकी सैनिक मारे गए थे और 17 अन्य घायल हुए थे.