रविवार, 22 अप्रैल, 2007 को 18:35 GMT तक के समाचार
लक्ष्मी निवास मित्तल इस वर्ष भी ब्रिटेन के सबसे अमीर व्यक्ति हैं, इस वर्ष उन्होंने अपनी व्यक्तिगत संपत्ति में चार अरब पाउंड से अधिक रक़म जोड़ी है.
स्टील किंग कहे जाने वाले मित्तल की कुल संपत्ति 19 अरब डॉलर तक जा पहुँची है.
ब्रिटेन की प्रतिष्ठित पत्रिका द टाइम्स ने देश के सबसे धनी लोगों की सूची जारी की है, यह सूची पिछले 19 वर्षों से जारी की जा रही है.
इस सूची का संपादन करने वाले फिलिप ब्रेस्फ़ोर्ड का कहना है कि लक्ष्मी मित्तल सही समय पर सही निवेश करने के मामले में बाक़ी लोगों से बहुत आगे हैं.
ब्रेस्फ़ोर्ड ने मित्तल के बारे में कहा, "वे फ़ायदे दिलाने वाले सौदे की पहचान सबसे पहले कर लेते हैं, सही समय पर ख़रीदते हैं और सही समय पर बेच भी देते हैं, इस तरह वे काफ़ी पैसा बना चुके हैं."
लक्ष्मी मित्तल की दुनिया की सबसे बड़ी इस्पात निर्माता कंपनी मित्तल-आर्सेलर के मालिक हैं.
दिलचस्प बात ये है कि ब्रिटेन के सबसे धनी लोगों की सूची में पहले पाँच नाम विदेशी लोगों के हैं.
मित्तल के बाद नंबर आता है रूसी तेल कंपनी के मालिक रोमान अब्राहमोविच का जो चेल्सी फुटबॉल क्लब के भी मालिक हैं.
फोर्ब्स पत्रिका की अमीरों की सूची में मित्तल का नाम पाँचवे नंबर पर है.
फोर्ब्स की सूची में सबसे ऊपर हैं माइक्रोसॉफ़्ट कॉर्पोरेशन के चेयरमैन बिल गेट्स.