रविवार, 15 अप्रैल, 2007 को 20:20 GMT तक के समाचार
इराक़ी शिया नेता मुक़्तदा अल सद्र के क़रीबियों का कहना है कि वो सोमवार को अपने प्रतिनिधियों से सरकार से बाहर होने को कह सकते हैं.
माना जा रहा है कि वो यह क़दम इराक़ से अमरीकी सेनाओं की वापसी की माँग पर बल देने के लिए उठा रहे हैं.
अभी इराक़ी सरकार में सद्र के छह प्रतिनिधि हैं. सद्र पहले भी थोड़े समय के लिए अपने प्रतिनिधियों को सरकार से बाहर कर चुके हैं.
उस समय उन्होंने प्रधानमंत्री नूरी अल मलिकी पर अमरीका से घनिष्ठता बढ़ाने का आरोप लगाया था.
हिंसा
इस बीच इराक़ में हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है. शनिवार से अब तक 100 से ज़्यादा लोग हिंसा में मारे गए हैं.
रविवार को भी इराक़ की राजधानी बग़दाद में दो कार बम विस्फोट हुए हैं. इसके अलावा कई अन्य जगहों पर हिंसा हुई है. इनमें 60 से ज़्यादा लोग मारे गए हैं.
इराक़ की राजधानी बग़दाद के दक्षिण-पश्चिम हिस्से में हुए दो कार बम विस्फोटों में कम से कम 15 लोग मारे गए और 50 घायल हो गए.
पहला विस्फोट शुर्त रबिया बाज़ार के शिया बहुल इलाक़े में हुआ.
पुलिस का कहना है कि दूसरा कार बम विस्फोट उस समय हुआ जब राहतकर्मी पहले विस्फोट की चपेट में आए लोगों को वहाँ से हटा रहा था.
पुलिस ने सड़कों पर से 30 लाशें भी बरामद की है. पुलिस का कहना है कि ये जातीय हिंसा के शिकार हुए लोग थे.