शनिवार, 07 अप्रैल, 2007 को 01:31 GMT तक के समाचार
इसराइली हेलिकॉप्टरों ने उत्तरी गज़ा पट्टी में कई मिसाइलें दागी हैं. इसमें एक फ़लस्तीनी मारा गया और तीन अन्य घायल हो गए.
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इसराइली हेलिकॉप्टरों ने उत्तरी गज़ा पट्टी में कम से कम दो मिसाइल दागे हैं. ये हमला जबालिया शरणार्थी शिविर के निकट किया गया.
स्थानीय लोगों का कहना है कि शरणार्थी शिविर के निकट चरमपंथी ठिकाने मिसाइल का निशाना बने. लोगों का कहना है कि पिछले साल नवंबर में हुए संघर्षविराम के बाद की यह सबसे बड़ी घटना है.
इसराइली सेना के एक प्रवक्ता ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया कि कँटीले ताड़ से बने बाड़ के निकट संदिग्ध गतिविधियाँ देखी गई जिसके बाद हमले किए गए.
स्थानीय लोगों के मुताबिक हमले में तीन फ़लस्तीनी घायल हुए.
इस्लामी जेहाद का कहना है कि उसके चरमपंथी और अन्य गुटों के चरमपंथी सीमा के निकट बड़े अभियान की योजना बना रहे थे, तभी हमला हुआ.
इसराइल और फ़लस्तीनी समूहों के बीच पाँच माह पहले संघर्ष विराम समझौता हुआ था लेकिन उसके बाद से ही सीमा के आर-पार हमले होते रहे हैं.
इसी हफ़्ते के शुरू में इसराइली रक्षा मंत्री आमिर पेरेज़ ने सेना को फ़लस्तीनी इलाक़ों में वैसे चरमपंथियों के ठिकानों पर नियंत्रित हमले करने की अनुमति दी थी जो इसारइली सीमा में रॉकेटों से हमले करते हैं.
इसराइली सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि फ़लस्तीनी चरमपंथी सीमा के निकट अपने हथियारों को उन्नत बनाने की कोशिश कर रहे हैं.